Google Analytics —— Meta Pixel

India Alliance Meeting : मोदी सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, INDIA गठबंधन की बैठक में 23 दल होंगे शामिल

India Alliance Meeting : केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा के लिए INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक (India Alliance Meeting) कल सोमवार को नई दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित होगी। बैठक में विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने के साथ-साथ 2029 के लोकसभा चुनावों को लेकर भी मंथन किया जाएगा।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले सहित 23 राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

हालांकि, INDIA गठबंधन का हिस्सा रही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) इस बैठक में शामिल नहीं होगी। सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने अपने कारणों से इस बैठक से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि INDIA गठबंधन की बैठक में 23 दलों ने भागीदारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कुछ दल इस बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन वे केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में गठबंधन के साथ हैं।

जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी नीतियां लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक और विदेश नीति राष्ट्रीय हितों के अनुरूप नहीं है, जिससे निवेश और रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि विविधताओं के बावजूद INDIA गठबंधन एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुकी हैं। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ सांसद भी मौजूद हैं, जबकि पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी पहले से राजधानी में मौजूद हैं। (India Alliance Meeting)

यह भी पढ़े :- जशपुर में जल संरक्षण बना जन आंदोलन, नवाचारों से मजबूत हो रहा भू-जल संवर्धन

Back to top button
error: Content is protected !!