Google Analytics —— Meta Pixel

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 12 राज्यों तक पहुंचा, दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी से एअर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त

Monsoon in India: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मानसून रविवार तक 12 राज्यों में पहुंच चुका है और आने वाले तीन से चार दिनों में इसके मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जगहों पर तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। इधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा सामने आया। दिल्ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एअर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्थायी रूप से सेवा से बाहर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- अगले 4 दिन में बस्तर पहुंच सकता है मानसून, 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून सामान्य समय से तीन दिन की देरी से 4 जून को केरल पहुंचा था। हालांकि इसके बाद इसकी गति तेज हो गई और मात्र चार दिनों के भीतर यह देश के 12 राज्यों तक फैल गया। अब तक मानसून ने केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड समेत पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से को कवर कर लिया है। इसके साथ ही पूरे केरल, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड और मिजोरम में मानसून सक्रिय हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बचे भागों में बिना किसी विशेष बाधा के आगे बढ़ सकता है। (Monsoon in India)

राजस्थान में ओलावृष्टि, मध्य प्रदेश में आंधी का असर

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार को अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की भी आशंका जताई जा रही है। मध्यप्रदेश में भी कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। इंदौर-खंडवा हाईवे पर तेज आंधी के कारण एक ऑटो पलट गया। प्रदेश के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई तेज आंधी और बारिश के दौरान एयरपोर्ट परिसर में ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एअर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए। एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक तीनों विमानों को तत्काल परिचालन से हटाकर तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरपोर्ट संचालन पर भी कोई बड़ा असर नहीं पड़ा, लेकिन कुछ उड़ानों में देरी दर्ज की गई।

दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी

बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से तापमान में वृद्धि शुरू होगी और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले सप्ताह क्षेत्र में हीटवेव जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 8 से 10 जून के बीच कर्नाटक के कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं लक्षद्वीप में 7 और 8 जून को भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।

राजस्थान और पंजाब में लू का खतरा बरकरार

जहां एक ओर देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी भारत में भीषण गर्मी का दौर अभी समाप्त नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने राजस्थान सहित पांच राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। 11 जून तक पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। राजस्थान का श्रीगंगानगर रविवार को 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा फलोदी में 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 43.9 डिग्री, बाड़मेर में 43 डिग्री और चूरू में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। (Monsoon in India)

अलगे दो दिन ऐसा रह सकता है मौसम

अगले दो दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। 9 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने के आसार हैं, जबकि पूर्वी राजस्थान में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 10 जून को भी दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

जानिए राज्यों का मौसम अपडेट

वहीं मध्यप्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने के चलते मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मध्यप्रदेश में मानसून आने से पहले ही सामान्य से लगभग 65 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। भोपाल, आगर-मालवा, शाजापुर और नीमच समेत कई जिलों में औसत से कहीं ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 30 से ज्यादा जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। उत्तरप्रदेश के 14 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। बागपत, मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बांदा और झांसी प्रदेश के सबसे गर्म जिले रहे, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

राजस्थान, बिहार, हिमाचल प्रदेश के लिए अलर्ट

राजस्थान में गर्मी और उमस दोनों बढ़ गई हैं। पश्चिमी जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के 14 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 24 जिलों में उमस भरी गर्मी बनी रहने की संभावना है। कैमूर जिले का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग समेत पांच जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान है। (Monsoon in India)

कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट

काशीपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। बठिंडा 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। देश में मानसून की प्रगति तेज हो गई है और दक्षिण समेत पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वहीं उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश, आंधी, लू और तापमान में उतार-चढ़ाव की मिश्रित स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। (Monsoon in India)

Back to top button
error: Content is protected !!