फीफा वर्ल्ड कप पर युद्ध की छाया, वीजा विवाद के बीच मेक्सिको पहुंची ईरान की फुटबॉल टीम, अमेरिका में सिर्फ मैच खेलने की मिलेगी अनुमति

FIFA World Cup 2026: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब खेल जगत पर भी दिखाई देने लगा है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने जा रही ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को अमेरिका में सीमित प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसके चलते टीम ने अपना बेस कैंप अमेरिका की बजाय मेक्सिको में स्थापित किया है। ईरानी टीम रविवार सुबह मेक्सिको के तिजुआना शहर पहुंची। टीम पिछले तीन सप्ताह से तुर्किये में प्रशिक्षण ले रही थी और वहीं से चार्टर्ड विमान के जरिए मेक्सिको पहुंची। शुरुआत में ईरान ने अमेरिका के एरिजोना राज्य में अपना प्रशिक्षण शिविर लगाने की योजना बनाई थी। टक्सन शहर को टीम का बेस कैंप चुना गया था, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव और वीजा संबंधी अनिश्चितताओं के कारण यह योजना रद्द करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें:- सीजफायर के बीच फिर भड़का मिडिल ईस्ट में तनाव, ईरान ने इजराइल पर दागीं मिसाइलें, जवाब में तेहरान-तबरीज पर हमला
मेक्सिको में ईरान के राजदूत अबोलफजल पसंदिदेह ने बताया कि अमेरिकी नियमों के तहत ईरानी खिलाड़ियों को सिर्फ मैच के दिन अमेरिका में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। खिलाड़ी सुबह अमेरिका पहुंचेंगे, मैच खेलेंगे और उसी दिन वापस मेक्सिको लौट जाएंगे। इस फैसले ने विश्व कप की तैयारियों को जटिल बना दिया है। अमेरिकी प्रशासन ने खिलाड़ियों को वीजा तो जारी कर दिया है, लेकिन ईरानी फुटबॉल महासंघ के कई अधिकारियों, सपोर्ट स्टाफ और प्रशासनिक कर्मचारियों को अब तक वीजा नहीं मिला है। फुटबॉल महासंघ का कहना है कि बिना सपोर्ट स्टाफ के टीम को लॉजिस्टिक्स, चिकित्सा सहायता और रणनीतिक तैयारी में दिक्कतें आ सकती हैं। ईरान को ग्रुप चरण में अपने सभी मुकाबले अमेरिका में खेलने हैं। इनमें दो मैच लॉस एंजिलिस और एक मैच सिएटल में आयोजित होगा, लेकिन टीम पूरे टूर्नामेंट के दौरान मेक्सिको में ही रहेगी और हर मैच के लिए अमेरिका जाएगी। (FIFA World Cup 2026)
खेलों तक युद्ध का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला खेल और राजनीति के टकराव का सबसे बड़ा उदाहरण बन सकता है। आमतौर पर विश्व कप जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली टीमों को मेजबान देशों में स्वतंत्र आवाजाही और व्यापक सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन ईरान के मामले में राजनीतिक तनाव ने खेल तैयारियों को प्रभावित कर दिया है। ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम, आर्थिक प्रतिबंध, फ्रीज संपत्तियां और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर पहले से ही विवाद चल रहा है। अब ईरान-इजराइल संघर्ष के नए दौर ने हालात और जटिल बना दिए हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगर आने वाले महीनों में राजनीतिक तनाव कम नहीं हुआ तो 2026 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान भी ईरानी टीम को कई प्रशासनिक और यात्रा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस बात पर है कि क्या खेल कूटनीति दोनों देशों के बीच तनाव कम कर पाएगी या फिर विश्व कप भी भू-राजनीतिक संघर्ष की छाया में खेला जाएगा।



