छत्तीसगढ़ कांग्रेस में PCC चीफ बदलाव की चर्चा तेज, नेताओं के बयानों से बढ़ी सियासी हलचल, बीजेपी ने कसा तंज
Chhattisgarh PCC Chief: छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बदलाव को लेकर सियासी चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। मौजूदा अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को पूरा होने जा रहा है, जिसके बाद संगठन में बड़े बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आने से राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है। पूर्व डिप्टी CM TS सिंहदेव ने प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कोई अकेले छत्तीसगढ़ की बात नहीं है, बल्कि कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर मंथन चल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक से दो हफ्तों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर होने के बाद ही इस पर अंतिम निर्णय की संभावना है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी TS सिंहदेव के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मैं बाबा के बयान से सहमत हूं। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक बदलाव की संभावना है, लेकिन यह सब प्रशिक्षण शिविर के बाद ही तय होगा। महंत ने कहा कि यह भी संभव है कि दीपक बैज ही अपने पद पर बने रहें। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण पूरा होने तक बड़े बदलाव की जरूरत नहीं दिखती। इधर, कांग्रेस में चल रही चर्चाओं पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा चल रही है, जो अब बोरिंग चैप्टर बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गतिविधियों को जनता ने पहले ही भुला दिया है और पार्टी के अंदर लगातार गुटबाजी बनी रहती है।
आका के इशारे पर होती है नियुक्ति: मंत्री गुरु खुशवंत
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में नेता आपस में लड़ते रहते हैं और नियुक्तियां आका के इशारे पर होती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की बात करती है, लेकिन वास्तव में पदों के लिए अंदरूनी संघर्ष करती रहती है और जनता की सेवा से इसका कोई सरोकार नहीं है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में PCC चीफ को लेकर चल रही चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। एक ओर जहां संगठनात्मक प्रशिक्षण और चुनावी रणनीति के बाद बदलाव की संभावना जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष कांग्रेस पर लगातार हमलावर है। अब सभी की नजर आने वाले एक-दो हफ्तों में होने वाले संभावित फैसलों पर टिकी हुई है। (Chhattisgarh PCC Chief)



