Chhattisgarh News: खरोरा वेयरहाउस का निरीक्षण करने पहुंचे राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू
कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, गोदाम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने मंगलवार, 9 जून को एक दिवसीय प्रवास के दौरान रायपुर जिले के खरोरा पहुंचकर स्थानीय विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं से भेंट-मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वेयरहाउस का किया निरीक्षण
कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने खरोरा स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन अभिलेखों, गोदाम में संग्रहित चावल, साफ-सफाई, रखरखाव तथा भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों से गोदाम की भंडारण क्षमता की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्यान्न भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में रखे चावल का सैंपल भी लिया।
अतिरिक्त गोदाम निर्माण की उठी मांग
इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं प्राथमिक सहकारी समिति खरोरा के पूर्व अध्यक्ष रमेश शर्मा ने क्षेत्र में खाद्यान्न भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त गोदाम निर्माण की मांग रखी।
इस पर अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा प्रदेश की 36 शाखाओं में 2.34 लाख मीट्रिक टन क्षमता के नए गोदामों का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन गोदामों का पूरा व्यय निगम द्वारा वहन किया जाएगा तथा टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
हमालों की समस्याओं पर भी दिया ध्यान
निरीक्षण के दौरान गोदाम में कार्यरत कर्मचारियों एवं हमालों ने पानी, शौचालय मरम्मत सहित विभिन्न समस्याओं से अध्यक्ष को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान नरेंद्र सिंह ठाकुर, रमेश शर्मा, अनिल सोनी, सुमित सेन, सुरेंद्र वर्मा, घनश्याम चंद्राकर, दीपक धनकर, सूरज सोनी, सावन शर्मा, रश्मि वर्मा, शकुंतला कोसले, पूर्णिमा धनकर सहित नान गोदाम के शाखा प्रबंधक प्रमोद कुमार गर्ग, गोदाम प्रभारी पुष्पेंद्र पाध्याय, मनोज वर्मा, मोरध्वज तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं हमाल उपस्थित रहे।
“खाद्यान्न का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में बढ़ती भंडारण आवश्यकता को देखते हुए 36 शाखाओं में 2.34 लाख मीट्रिक टन क्षमता के नए गोदामों का निर्माण कराया जा रहा है, जिस पर लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि चावल के भंडारण, रखरखाव और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों एवं हमालों द्वारा बताई गई समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए हैं : चंदूलाल साहू – अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम “
यह भी पढ़े :- सीएम हेल्पलाइन 1076 लॉन्च: अब एक कॉल पर सुनी जाएगी हर समस्या



