Google Analytics —— Meta Pixel

सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर राष्ट्रपति मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को लिखा विशेष पत्र, कहा- यह जनता के भरोसे की मुहर

President Letter to Modi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उन्हें भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब देशवासी आपके भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने और लोगों की सेवा में समर्पित 4,399 दिन पूरे करने के पड़ाव का जश्न मना रहे हैं, तो मैं आपको हार्दिक बधाई देती हूं। सार्वजनिक जीवन में बहुत कम जिम्मेदारियों के लिए भारत के प्रधानमंत्री के पद जितनी ही लगन, सहनशक्ति और दृढ़ता की आवश्यकता होती है। इसलिए यह पड़ाव केवल इस सार्वजनिक पद पर सबसे लंबे समय तक रहने की बात नहीं है। यह उस भरोसे की पुष्टि है, जो भारत के लोगों ने लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताया है।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी के रिकॉर्ड पर भूटान प्रधानमंत्री का खास लेख, बोले- मोदी सिर्फ नेता नहीं, भाई और मेरे मार्गदर्शक भी हैं

उन्होंने आगे कहा कि हमारे जैसे विशाल, विविध और जीवंत देश में जनता का भरोसा किसी नागरिक को मिलने वाले सबसे बड़े सम्मानों में से एक है। इतने सालों में आप पर यह भरोसा बार-बार कायम रहा है, जो हमारे गणतंत्र की लोकतांत्रिक यात्रा के एक शानदार अध्याय का प्रमाण है। इस दौरान भारत ने राष्ट्रीय जीवन के सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। वित्तीय समावेशन की दिशा में किए गए प्रयासों ने करोड़ों लोगों को औपचारिक आर्थिक व्यवस्था से जोड़ा है। इस प्रयास में महिला लाभार्थियों की बड़ी संख्या और भी ज्यादा उत्साहजनक है। आज भारत की ‘नारी शक्ति’ न केवल भारत की विकास यात्रा में समान भागीदार के रूप में उभर रही है, बल्कि इसका नेतृत्व भी कर रही है, जो ‘महिला-नेतृत्व वाले विकास’ का सच्चा प्रतिबिंब है। (President Letter to Modi)

 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि पिछले 12 सालों में मैंने शासन को ज्यादा पारदर्शी, कुशल, जवाबदेह और सुलभ बनाने के लिए तकनीक का उपयोग होते देखा है। कल्याणकारी योजनाओं का वितरण ज्यादा लक्षित और प्रभावी हो गया है, जिससे यह सुनिश्चित हुआ है कि विकास का लाभ नागरिकों तक ज्यादा गति और पारदर्शिता के साथ पहुंचे और उनमें मजबूत भरोसा पैदा हो। इस अवधि के सबसे उल्लेखनीय पहलुओं में से एक नागरिक और उनके द्वारा चुनी गई सरकार के बीच बदलते संबंध रहे हैं। विकास को ‘जन भागीदारी’, सम्मान और समान अवसर के सिद्धांतों द्वारा आकार दिया गया है, जो नागरिक कभी आर्थिक और सामाजिक प्रगति की मुख्यधारा से दूर थे, वे अब भारत की विकास गाथा में सक्रिय भागीदार बन गए हैं। (President Letter to Modi)

PM-JANMAN मेरे दिल के बहुत करीब: राष्ट्रपति

उन्होंने कहा कि चाहे गरीबों का कल्याण हो, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा हो, हमारे ‘अन्नदाता’ किसानों को सशक्त बनाना हो, या मध्यम वर्ग और नव-मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा करना हो, आपके समावेशी दृष्टिकोण और कार्यों ने लाखों लोगों के जीवन को बदल दिया है। आपके प्रयासों का महत्व इस बात को समझने में निहित है कि विकास न केवल एक आर्थिक उद्देश्य है, बल्कि सामाजिक न्याय का एक साधन भी है। जब अवसरों तक पहुंच बढ़ती है, सम्मान मजबूत होता है और तरक्की का फायदा आखिरी छोर तक पहुंचता है, तो एक मजबूत और समावेशी राष्ट्र की जड़ें और गहरी होती हैं। इस दौरान शुरू की गई कई पहलों में से PM-JANMAN मेरे दिल के बहुत करीब है। पीढ़ियों से ‘विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों’ (PVTGs) के सामने आने वाली चुनौतियों को देखने के बाद समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों के प्रति आपकी करुणा और ‘अंत्योदय’ यानी कतार में सबसे आखिरी व्यक्ति के उत्थान के आदर्श के प्रति आपकी प्रतिबद्धता ने मुझे गहराई से प्रभावित किया। यह न केवल एक नीतिगत कदम था, बल्कि भारत के सबसे कमजोर नागरिकों के प्रति आपकी गहरी संवेदनशीलता को भी दर्शाता था।

भारतीय लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक विशेषता: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के सालों में आपके नेतृत्व में उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो लंबे समय से भारत की विकास यात्रा की मुख्य धारा से दूर थे। यह बात विशेष रूप से भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों के बारे में सच है, जो विकास के पैमानों पर पीछे रह गए थे। ऐसी कोशिशें ‘जन-केंद्रित’ और ‘जन-शक्ति पर आधारित’ शासन की भावना को दर्शाती हैं। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी क्षेत्र, समुदाय या नागरिक पीछे न छूटे। एक साधारण शुरुआत से लेकर भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने तक का आपका सफर, भारतीय लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक विशेषताओं में से एक को फिर से साबित करता है। यह दिखाता है कि हमारे गणतंत्र में, सार्वजनिक जीवन उन सभी के लिए खुला है जो देश की बेहतरी के लिए सेवा, प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत के साथ खुद को समर्पित करते हैं। (President Letter to Modi)

परंपरा-विकास का अनूठा मेल स्थापित किया: राष्ट्रपति

उन्होंने आगे कहा कि आपने हमारे प्रतिभाशाली युवाओं की रचनात्मकता और ऊर्जा को जगाया है, जो बेहतरीन काम की शानदार कहानियां लिख रहे हैं। जैसे-जैसे भारत आत्मविश्वास के साथ ‘आत्मनिर्भर’ और ‘विकसित भारत’ के विजन की ओर बढ़ रहा है, यह पड़ाव न केवल अब तक तय किए गए सफर पर विचार करने का मौका देता है, बल्कि आगे की यात्रा के बारे में सोचने का भी अवसर देता है। आपने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश का नेतृत्व किया है और परंपरा-विकास का अनूठा मेल स्थापित किया है। अब भारत वैश्विक समुदाय में अपना सही और महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इतिहास पद पर बिताए गए सालों को दर्ज करता है। लोग याद रखते हैं कि उन वर्षों ने कैसे उनके जीवन को प्रभावित किया, उनके अवसरों को बढ़ाया और भविष्य में उनके विश्वास को मजबूत किया। जन-सेवा का असली पैमाना आखिरकार बदले हुए जीवन और पूरी हुई उम्मीदों में ही निहित होता है। मुझे पूरा भरोसा है कि सेवा, समावेश और राष्ट्रीय विकास के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता भारत को उसकी आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में आगे ले जाएगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं एक बार फिर आपको हार्दिक बधाई देती हूं और देश की निरंतर सेवा के लिए अपनी शुभकामनाएं देती हूं।

Back to top button
error: Content is protected !!