उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया ‘युग पुरुष’, गरीबी से मुक्ति से लेकर वैश्विक प्रतिष्ठा तक मोदी मॉडल को सराहा
Vice President on Modi: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी है। उपराष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल पद पर बिताए गए समय का पैमाना नहीं है, बल्कि हमारे राष्ट्रीय विकास की यात्रा में एक परिवर्तनकारी दौर का प्रतिबिंब है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार से लेकर सामाजिक सशक्तिकरण और तकनीकी प्रगति तक; और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा से लेकर हमारी सभ्यतागत चेतना के पुनर्जागरण तक, हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। अब्राहम लिंकन ने लाखों लोगों को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया था। हमारे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समावेशी विकास के माध्यम से 25 करोड़ से ज्यादा लोगों को घोर गरीबी के चंगुल से मुक्त कराया है, जिससे लाखों परिवारों में उम्मीद, अवसर और सम्मान का संचार हुआ है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि उतना ही महत्वपूर्ण वह नया आत्मविश्वास है, जो उन्होंने भारत की समृद्ध विरासत का जश्न मनाकर, भूले-बिसरे नायकों का सम्मान करके, सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करके, औपनिवेशिक मानसिकता को त्यागकर और हमारी सभ्यतागत पहचान पर गर्व को मजबूत करके हमारे लोगों में जगाया है। संयुक्त राष्ट्र में महान तमिल ऋषि कनियान पूंगुंद्रनार के अमर शब्दों ‘याधुम ऊरे, यावरुम केलिर’ (हर जगह हमारा घर है, हर कोई हमारा अपना है) का उनका उल्लेख, दुनिया के सामने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भारत की हजारों साल पुरानी सभ्यतागत भावना और सार्वभौमिक भाईचारे-मानवीय एकता के इसके स्थायी संदेश को प्रभावशाली ढंग से दोहराता है। काशी-तमिल संगमम और सौराष्ट्र-तमिल संगमम जैसी पहल, नए संसद भवन में पवित्र ‘सेंगोल’ की स्थापना, चोल वंश की विरासत का सम्मान करने के लिए गंगईकोंडा चोलपुरम का दौरा और विदेशों से बेशकीमती कलाकृतियों-प्राचीन वस्तुओं की वापसी इन सभी ने हमारे देश को जोड़ने वाले सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत किया है।
‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्शों के प्रति अटूट निष्ठा: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि ये भारत की शाश्वत विरासत और हमारी भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं-सभ्यतागत धरोहर की विविधता का जश्न भी मनाते हैं। इतिहास उन नेताओं को याद रखता है, जो राष्ट्रों का कायाकल्प करते हैं और पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं। भारत के इतिहास के एक निर्णायक मोड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दूरदर्शी सोच, अथक सेवा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्शों के प्रति अटूट निष्ठा के माध्यम से देश की क्षमताओं और आकांक्षाओं में नया विश्वास जगाया है। वे आधुनिक भारत के सच्चे ‘युग पुरुष’ के रूप में उभरे हैं। जब देश ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब उनका नेतृत्व लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत और देश की आगे की यात्रा में एक मार्गदर्शक शक्ति बना हुआ है। मैं राष्ट्र की निरंतर सेवा के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं। (Vice President on Modi)
राज्यसभा के उपसभापति ने दी बधाई
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि मैं इस उपलब्धी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देना चाहता हूं। हमारे प्रधानमंत्री 24 घंटे काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 12 करोड़ शौचालय बनवाए हैं। कोविड के बाद 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन बांटा गया था। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में आज का दिन बहुत विशेष है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, इसी तरह भारत का नेतृत्व करते रहें और देश को विकसित भारत बनाने की राह पर आगे ले जाएं। भाजपा सांसद सतनाम सिंह संधू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने के उपलक्ष्य में आलमबाग गुरुद्वारे में विशेष अरदास में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे किए हैं। उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सिखों को इंसाफ दिलाने का काम किया है। (Vice President on Modi)



