Google Analytics —— Meta Pixel

6 घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार, फिर थम गईं सांसें, मनेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल, स्वास्थ्य मंत्री ने बैठाई जांच

Questions on Health System: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि हार्ट अटैक से जूझ रही 60 साल की महिला को समय पर 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस नहीं मिल सकी, जिसके कारण बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने के बावजूद उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि महिला को करीब छह घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा और जब वाहन अस्पताल पहुंचा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। नाराज परिजनों ने शव को एंबुलेंस में रखकर विरोध प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। मामले की गूंज राजधानी रायपुर तक पहुंचने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है।

यह भी पढे़ं:- हर घर नल-जल योजना की खुली पोल, करोड़ों की टंकियां बनी, लेकिन प्यासे हैं गांव, पानी के लिए रोज जंग लड़ रहे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक नई लेदरी गांव की रहने वाली श्यामा बाई को 8 जून की शाम हार्ट अटैक आने के बाद गंभीर हालत में जिला मुख्यालय स्थित 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को बहुत गंभीर पाया और बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय यानी मेकाहारा रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि रेफर करने के तुरंत बाद उन्होंने 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की थी, ताकि मरीज को जल्द से जल्द रायपुर ले जाया जा सके, लेकिन कई बार आग्रह और अस्पताल प्रबंधन से गुहार लगाने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। हार्ट अटैक जैसे मामलों में हर मिनट कीमती होता है। परिजनों के मुताबिक शाम करीब 6 बजे से शुरू हुआ इंतजार रात तक जारी रहा। मरीज अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रही, जबकि परिवार के लोग एंबुलेंस की आस में अस्पताल के चक्कर लगाते रहे।

मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा

आरोप है कि करीब छह घंटे बाद रात लगभग 12 बजे 108 एंबुलेंस अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक जैसे ही महिला को एंबुलेंस में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई, उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव को एंबुलेंस में रखकर अस्पताल परिसर में देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि अगर समय पर एंबुलेंस उपलब्ध करा दी जाती तो जान बचाई जा सकती थी। घटना के चलते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात करीब ढाई बजे परिजन शव लेकर अपने घर लौटे। (Questions on Health System)

स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा में हुई कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे घटना की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस घटना ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन एंबुलेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर स्थिति में रेफर किए गए मरीज को घंटों तक एंबुलेंस क्यों नहीं मिली ? क्या यह संसाधनों की कमी का मामला है, तकनीकी खामी है या फिर जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही? फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू हो चुकी है और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत के पीछे वास्तव में किस स्तर की चूक जिम्मेदार थी और क्या दोषियों पर कार्रवाई हो पाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!