Google Analytics —— Meta Pixel

छात्र-पालक ध्यान दें: 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, 1 जुलाई से शुरुआत की खबर फर्जी

CG Education News:  छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य में नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 आगामी 16 जून 2026 (मंगलवार) से ही शुरू होगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह खबर कि स्कूल 1 जुलाई से खुलेंगे, पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और तथ्यहीन है।

लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार प्रदेश की सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां 16 जून से प्रारंभ होंगी। विभाग ने विद्यार्थियों, पालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहें। (CG Education News)

16 जून से होगा ‘शाला प्रवेश उत्सव 2026’ का आयोजन

राज्य सरकार नए शिक्षा सत्र की शुरुआत शाला प्रवेश उत्सव 2026 के साथ करेगी। यह आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कराया जाएगा।

इस संबंध में विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

गांव-शहरों में होगा प्रचार, जनभागीदारी पर जोर

प्रवेश उत्सव को अभियान का रूप देने के लिए गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी, रैलियां, बैनर-पोस्टर और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसमें जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

स्कूल खुलने से पहले भवनों, कक्षाओं और परिसरों की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके।

स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर जोड़ा जाएगा पढ़ाई से

शिक्षा विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष व्यवस्था बनाई है।

  • कक्षा पहली में आंगनबाड़ी से बच्चों की सूची लेकर सीधे प्रवेश दिया जाएगा।
  • कक्षा छठवीं में पांचवीं पास छात्रों का सीधा दाखिला सुनिश्चित किया जाएगा।
  • स्कूल छोड़ चुके बच्चों को खोजकर दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी तीन महीनों का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिल मिलेगी

प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल वितरित की जाएगी।

बोर्ड और स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं सहयोगी अभिभावकों को सम्मानित भी किया जाएगा। इच्छुक नागरिक बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, स्लेट, पेंसिल और कंपास बॉक्स जैसी सामग्री दान कर सकेंगे।

अलग बजट नहीं, स्थानीय संसाधनों से होगा आयोजन

स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट किया है कि शाला प्रवेश उत्सव के लिए अलग से कोई बजट जारी नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन जिलों में उपलब्ध संसाधनों से ही किया जाएगा।

विभाग ने सभी संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का लक्ष्य नए शिक्षा सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराकर प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूत बनाना है।

(सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 1 जुलाई से स्कूल खुलने की खबर पूरी तरह फर्जी है, स्कूल 16 जून 2026 से ही खुलेंगे।) (CG Education News)

Back to top button
error: Content is protected !!