Google Analytics —— Meta Pixel

बस्तर से होगी मानसून की एंट्री, पूरे प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी जारी

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून के छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की संभावना जताई है। इसके साथ ही अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज अंधड़ और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ विशेषकर बस्तर संभाग के रास्ते मानसून की एंट्री हो सकती है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। विभाग ने सोमवार को कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहा गया है कि कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक पहुंचा मानसून, UP-झारखंड में बारिश और बिजली गिरने से 12 की मौत

रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक एक-दो जगहों पर बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर-दुर्ग संभाग में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। (Rain Alert in Chhattisgarh)

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
राजनांदगांव 42°C 26°C
रायपुर 40°C 27.5°C
बिलासपुर 38.9°C 26°C
दुर्ग 38°C 27.6°C
जगदलपुर 36.8°C 25.6°C
पेंड्रारोड 36.6°C 24.8°C
अंबिकापुर 34.5°C 23.6°C

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश मुंगेली जिले में दर्ज की गई। यहां 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं कवर्धा में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। कई अन्य जगहों पर भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश और बादलों की सक्रियता के कारण प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी से कुछ राहत मिली है, हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ में उमस बनी हुई है।राजधानी रायपुर में दिनभर मौसम बदलता रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और वातावरण में नमी बढ़ी हुई है। मौसम विभाग ने शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई है। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी मिलने के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। यही सिस्टम मानसून को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है। अगर वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले दो से तीन दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की अपील की है। तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने को कहा गया है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!