CG NEWS : भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, जिला पंचायत सदस्य समेत 4 गिरफ्तार
कोरबा। जिले में भाजपा नेता और पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। सोमवार दोपहर हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल तोमर का अस्पताल में इलाज जारी है।
जेल में मुलाकात के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मिलने जिला जेल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
रॉड-डंडे और बेसबॉल स्टिक से बेरहमी से पीटा
आरोप है कि रज्जाक अली और उसके साथ मौजूद साथियों ने तोमर पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से उनके पैरों और घुटनों के नीचे कई वार किए। जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी तलवार लेकर मौके पर पहुंचा था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज
हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल भाजपा नेता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियारों की तलाश जारी है।
भाजपा में आक्रोश, मंत्री पहुंचे अस्पताल
घटना की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं में नाराजगी फैल गई। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई नेता अस्पताल पहुंचे और शिव बालक सिंह तोमर का हालचाल जाना। नेताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला विवाद से जोड़ रहा आरोपी, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
गिरफ्तार आरोपी रज्जाक अली ने पूछताछ में घटना को महिला संबंधी विवाद से जुड़ा बताया है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में जल्द और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



