Google Analytics —— Meta Pixel

बेमेतरा में डबल मर्डर से सनसनी, सनकी देवर ने भाभी और भतीजी का गला रेतकर उतारा मौत के घाट

Double Murder in Bemetara: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दाढ़ी थाना क्षेत्र के घोरेघाट गांव में पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि उसने दो जिंदगियां छीन ली। एक सनकी देवर ने अपनी ही भाभी और भतीजी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हेमलाल आदिल का अपने परिवार के सदस्यों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के भीतर चल रहे तनाव और आपसी मतभेदों के कारण घर का माहौल लगातार खराब बना हुआ था। सोमवार को विवाद इतना बढ़ गया कि हेमलाल ने अपना आपा खो दिया और घर में मौजूद अपनी भाभी-भतीजी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें:- कोरिया में बदमाशों ने भाजपा नेता समेत दो लोगों को जिंदा जलाकर मारा, सियासत भी गरमाई

घटना के दौरान घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर के भीतर खून से लथपथ दोनों शव पड़े हुए थे। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना दाढ़ी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया और जांच प्रक्रिया शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमलाल आदिल को अभिरक्षा में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। (Double Murder in Bemetara)

पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी और फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी जारी है। शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी हेमलाल आदिल पहले भी एक गंभीर आपराधिक मामले में दोषी रह चुका है। बताया जा रहा है कि वह लगभग 10 साल तक जेल की सजा काट चुका है। इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति, उसका आपराधिक इतिहास और पारिवारिक परिस्थितियां इस मामले की जांच में अहम भूमिका निभा सकती हैं। (Double Murder in Bemetara)

गांव में मातम और दहशत का माहौल

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि पारिवारिक विवाद इतनी भयावह घटना का रूप ले लेगा। घटना के बाद लोग भयभीत हैं और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में चर्चा का विषय बना यह दोहरा हत्याकांड लोगों को झकझोर कर रख दिया है। महिलाएं और बच्चे विशेष रूप से डरे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस लोगों को आश्वस्त करने का प्रयास कर रही है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। दाढ़ी पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या की असली वजह, घटना के समय की परिस्थितियां, आरोपी की मानसिक स्थिति और पारिवारिक विवाद की गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी तथ्य सामने आएंगे। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। वहीं इस दोहरे हत्याकांड ने बेमेतरा जिले को झकझोर दिया है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था समेत पारिवारिक विवादों को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!