Google Analytics —— Meta Pixel

बेमेतरा में पारिवारिक विवाद में खूनी खेल, पत्नी ने की पति की हत्या, छोटे भाई ने बड़े को उतारा मौत के घाट

Murder in Bemetara: बेमेतरा जिले में पारिवारिक विवाद और घरेलू कलह की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। एक ओर साजा थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने पति की हत्या कर कहानी गढ़ने की कोशिश की, वहीं दूसरी ओर सिटी कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की गैती मारकर हत्या कर दी। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।साजा थाना क्षेत्र के करमतरा गांव में हुई संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 26 साल की कैलाशी बाई कोठारी ने ही अपने पति हरीचंद कोठारी की हत्या की थी।

यह भी पढ़ें:- बेमेतरा में डबल मर्डर से सनसनी, सनकी देवर ने भाभी और भतीजी का गला रेतकर उतारा मौत के घाट

पुलिस के मुताबिक करमतरा के अमेरिका दास कोठारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े बेटे हरीचंद कोठारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। घटना 5 जून की रात की है। रात करीब 2 बजे हरीचंद की पत्नी कैलाशी बाई ने फोन कर परिजनों को बताया था कि हरीचंद की तबीयत खराब है और वह घर की छत पर पड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो हरीचंद मृत अवस्था में मिला। मृतक की गर्दन पर गहरे चोट के निशान थे, जबकि सिर के पिछले हिस्से में किसी भारी चीज से वार किया गया था। घटनास्थल पर खून भी सूख चुका था। मामले को गंभीरता से लेते हुए साजा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। DIG रामकृष्ण साहू के निर्देश, एसपी हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोशन लाल टोंडे के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। (Murder in Bemetara) 

 

जांच के दौरान पुलिस को किसी बाहरी व्यक्ति के घर में आने-जाने के कोई प्रमाण नहीं मिले। इसके बाद संदेह का दायरा मृतक की पत्नी तक पहुंचा। पुलिस ने कैलाशी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन लगातार पूछताछ के दौरान वह टूट गई और हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका पति अक्सर निजी बातों को लेकर उससे विवाद करता था और मारपीट भी करता था। लंबे समय से प्रताड़ना से परेशान होकर उसने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना वाली रात पति के सो जाने के बाद उसने पहले उसका गला दबाया और फिर घर में रखे लोहे के मूसल से सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण हरीचंद की मौके पर ही मौत हो गई।

छोटे भाई ने की बड़े की हत्या

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का मूसल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया गया।  इधर, बेमेतरा के ढारा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 14 जून को छोटे भाई ने गैती से हमला कर अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर विवाद फिर बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। (Murder in Bemetara)

गैती से किए ताबड़तोड़ वार

पुलिस के मुताबिक छोटे भाई जलेश्वर साहू और बड़े भाई प्रदीप साहू के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जलेश्वर ने गुस्से में आकर खेती के काम में उपयोग होने वाली गैती उठा ली और प्रदीप पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि प्रदीप को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बहुत ज्यादा खून बहने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिवार के लोग और ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के कोटवार ने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जिले में लगातार बढ़ रही पारिवारिक विवाद की घटनाएं

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जलेश्वर साहू मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गैती भी जब्त कर ली है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की मुख्य वजह पारिवारिक और जमीन संबंधी विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। बेमेतरा जिले में कुछ ही दिनों के भीतर सामने आए इन हत्याकांडों ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और विवादों की गंभीर तस्वीर सामने रखी है। एक मामले में पत्नी ने पति की हत्या कर दी, जबकि दूसरे में जमीन विवाद के चलते भाई ने भाई की जान ले ली। दोनों घटनाओं ने जिले में सनसनी फैला दी है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!