भाजपा नेता मर्डर केस: CM साय बोले – दोषियों को नहीं बख्शेंगे, पढ़ें पूरी खबर

कोरिया/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में हुई हिंसक घटना में गंभीर रूप से झुलसे भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मामले को लेकर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है।
जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
जानकारी के मुताबिक नौगई गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं मयंक कुमार सिंह, योगेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
फॉर्च्यूनर वाहन में लगी आग, परिवार के कई लोग झुलसे
घटना के दौरान एक टोयोटा फॉर्च्यूनर वाहन में आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के कई सदस्य बुरी तरह झुलस गए। घायलों के बयान के आधार पर शुरुआती जांच में जमीन विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय का सख्त बयान
राजधानी रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
उन्होंने कहा,- “पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
मामले को लेकर दीपक बैज ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन भाजपा नेताओं के संरक्षण में चल रहा है।
इलाके में तनाव, पुलिस जांच जारी
सोनहत थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े :- कोरिया में बदमाशों ने भाजपा नेता समेत दो लोगों को जिंदा जलाकर मारा, सियासत भी गरमाई



