200 रुपये के बिल पर अस्पताल में बवाल, चाकू लहराकर कर्मचारियों को दी धमकी
बिलासपुर। शहर के तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल (New Janata Hospital ) में महज 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर जमकर हंगामा हो गया। इलाज कराने पहुंचे दो युवकों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की, कर्मचारियों से विवाद किया और चाकू लहराकर सुरक्षा गार्ड समेत स्टाफ को जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तिफरा स्थित बोरी फैक्ट्री के पास रहने वाले नारायण मिश्रा न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 15 जून की रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद दोनों ने 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर अस्पताल कर्मचारियों वाशु और प्रियंका से बहस शुरू कर दी।
विवाद बढ़ता देख सुरक्षा गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन इससे वे और भड़क गए। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर गार्ड को जान से मारने की धमकी दी।
हंगामे के बाद आरोपी अस्पताल परिसर से फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने पर Sirgitti Police ने दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
200 रुपये के मामूली बिल पर हुए इस बवाल ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े :- भाजपा नेता मर्डर केस: CM साय बोले – दोषियों को नहीं बख्शेंगे, पढ़ें पूरी खबर



