NEET री-एग्जाम के दबाव में एक और छात्रा की मौत, कोयंबटूर में 19 साल की अनुकीर्तना ने की आत्महत्या, दो दिनों में तीसरी घटना

NEET Student Commits Suicide: देशभर में NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव के बीच तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही 19 साल की छात्रा अनुकीर्तना ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने चाचा और अन्य करीबी रिश्तेदारों को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर दोबारा परीक्षा देने के डर और परिवार की अपेक्षाओं के दबाव का जिक्र किया था। यह पिछले दो दिनों में NEET अभ्यर्थियों की आत्महत्या का तीसरा मामला है। इससे पहले 16 जून को देहरादून की 23 साल की रिया थापा ने आत्महत्या कर ली थी। वहीं लखनऊ की 17 साल की छात्रा ने भी आत्महत्या कर ली थी। NEET-UG परीक्षा रद्द होने के बाद अब तक देशभर में करीब 11 छात्रों की आत्महत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यह भी पढ़ें:- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की PM मोदी की जमकर तारीफ, कहा- जब तक मोदी लीडर हैं, भारत हर क्षेत्र में निभाएगा बड़ी भूमिका
जानकारी के मुताबिक अनुकीर्तना कोयंबटूर के कोवईपुदुर स्थित पार्क टाउन इलाके की रहने वाली थी। उसने अपने रिश्तेदारों को भेजे मैसेज में लिखा कि उसने NEET परीक्षा दी थी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का इंतजार कर रही थी, लेकिन परीक्षा रद्द होने के बाद उसे फिर से परीक्षा देने का डर सताने लगा है। उसने यह भी लिखा कि उसके पिता ने उसकी पढ़ाई पर काफी पैसा खर्च किया है और वह यह नहीं समझ पा रही कि अगर वह सफल नहीं हुई तो परिवार का सामना कैसे करेगी। अनुकीर्तना के पिता सेंथिल प्रभु CITU से संबद्ध TASMAC ट्रेड यूनियन के जिला सचिव हैं। दो बहनों में अनुकीर्तना बड़ी थी। उसने एट्टिमडई के एक निजी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की थी और डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना उसका सपना था। बुधवार सुबह छात्रा का व्हाट्सएप मैसेज पढ़ने के बाद परिजन तत्काल उसके घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार ने शिक्षा मंत्री का मांगा इस्तीफा
घटना के बाद छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी ESI मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने प्रारंभिक तौर पर शव लेने से इनकार कर दिया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा के बाद उन्होंने शव स्वीकार किया। परिवार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। वहीं CPM के जिला समिति सदस्यों ने ESI अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करते हुए NEET परीक्षा प्रणाली को समाप्त करने की मांग उठाई। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि देहरादून की रिया थापा 12वीं में 97 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल टॉपर रही थी और 21 जून को प्रस्तावित NEET री-एग्जाम की तैयारी कर रही थी, जिसने अचानक जान दे दी। इस बीच कोयंबटूर की अनुकीर्तना की मौत ने परीक्षा प्रणाली को लेकर नई बहस छेड़ दी है। (NEET Student Commits Suicide)
पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर में आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद अलग-अलग राज्यों से प्रश्न पत्र लीक होने और कुछ अभ्यर्थियों को पहले से पेपर उपलब्ध कराए जाने के आरोप सामने आए। जांच एजेंसियों को गड़बड़ियों के संकेत मिलने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। तमिलनाडु शुरू से ही NEET परीक्षा का विरोध करता रहा है। राज्य सरकार का तर्क रहा है कि यह परीक्षा ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के साथ न्याय नहीं करती। (NEET Student Commits Suicide)
तमिलनाडु में NEET विरोध की टाइमलाइन
साल 2017 में देशभर में NEET लागू होने के बाद राज्य सरकार ने तर्क दिया था कि यह परीक्षा ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए नुकसानदायक साबित होगी। 2017-18 के दौरान तमिलनाडु ने केंद्र सरकार से परीक्षा से छूट की मांग की, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली। इसके बाद 2021 में राज्य विधानसभा ने NEET से छूट देने वाला विधेयक पारित किया, हालांकि यह लागू नहीं हो सका। 2022 से 2024 के बीच राज्य सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों ने लगातार NEET के खिलाफ अभियान चलाया और छात्रों की आत्महत्या के मामलों को भी प्रमुख मुद्दा बनाया। साल 2025 में तमिलनाडु ने एक बार फिर केंद्र से परीक्षा में छूट की मांग दोहराई, लेकिन व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं 2026 में NEET-UG परीक्षा रद्द होने और री-एग्जाम की घोषणा के बाद विरोध और तेज हो गया। राज्य सरकार ने मेडिकल प्रवेश के लिए NEET को समाप्त कर 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर दाखिले की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है।
क्या है NEET परीक्षा ?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से MBBS, BDS और AYUSH पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए NEET को समाप्त कर 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने की मांग की है। NEET (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) देश में मेडिकल और डेंटल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है। इसकी शुरुआत 2013 में हुई थी। इस परीक्षा के जरिए देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, BAMS, BHMS, नर्सिंग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। देश के प्रमुख संस्थान AIIMS और JIPMER में प्रवेश भी इसी परीक्षा के माध्यम से होता है। लगातार सामने आ रही आत्महत्या की घटनाओं ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा संबंधी अनिश्चितता और अत्यधिक प्रतिस्पर्धा के बीच छात्रों के लिए बेहतर काउंसलिंग और मनोवैज्ञानिक सहायता की व्यवस्था आवश्यक है।



