Google Analytics —— Meta Pixel

मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री निवास में देर रात चली मैराथन बैठक, मंत्रियों के कामकाज की हुई समीक्षा

Ministers Meeting in CM House: छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री निवास में देर रात सत्ता और संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। रात करीब 9:30 बजे शुरू हुई यह बैठक तड़के लगभग 1:40 बजे खत्म हुई। करीब साढ़े चार घंटे तक चली इस बैठक में सरकार के कामकाज, मंत्रियों के प्रदर्शन, संगठन के साथ समन्वय और प्रदेश के अलग-अलग समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल समेत सभी मंत्री मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आगामी रणनीति और सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- सीटों की संख्या को बढ़ाने का सुखद परिणाम: ट्राइबल हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने रचा कीर्तिमान

जानकारी के मुताबिक बैठक में मंत्रियों के कार्यों की समीक्षा की गई। सरकार की ओर से चलाए जा रहे अलग-अलग कार्यक्रमों और योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। विशेष रूप से सुशासन तिहार को लेकर मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया। अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों के प्रभाव और जनसंपर्क गतिविधियों का भी आकलन किया गया। बैठक में कोरिया हत्याकांड समेत प्रदेश की अन्य बड़ी और संवेदनशील घटनाओं पर भी चर्चा हुई। कानून-व्यवस्था की स्थिति, आपराधिक घटनाओं और उनसे निपटने के लिए सरकार की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। सूत्रों के मुताबिक कुछ आपराधिक मामलों को लेकर संगठन के नेताओं ने नाराजगी भी जताई। संगठन की ओर से सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर और ज्यादा सक्रियता दिखाने की सलाह दिए जाने की चर्चा है। (Ministers Meeting in CM House)

सत्ता-संगठन समन्वय पर जोर

बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय भी रहा। संगठन के नेताओं ने कुछ मंत्रियों के अपने प्रभार वाले जिलों में अपेक्षाकृत कम दौरे करने पर असंतोष जताया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि मंत्री अपने-अपने जिलों में नियमित रूप से पहुंचे और संगठन के कार्यकर्ताओं समेत आम जनता के साथ संवाद बढ़ाएं। संगठन की अपेक्षाओं और सरकार के कार्यों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाओं को लेकर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि फिलहाल ऐसी बातें सिर्फ कयास हैं। उन्होंने कहा कि सब मुस्कुरा रहे हैं। मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें सिर्फ कयास हैं। सभी सेफ हैं, पूरा छत्तीसगढ़ सेफ है। उनके इस बयान को फेरबदल की चर्चाओं को शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि अचानक बैठक बुलाने पर कई तरह की चर्चाएं गर्म है।

डिप्टी CM विजय शर्मा ने क्या कहा ?

डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने बैठक को सत्ता-संगठन के बीच नियमित समन्वय बैठक बताया। उन्होंने कहा कि यह सत्ता-संगठन की सामान्य बैठक थी, जो हर तीन महीने में होती है। प्रभार वाले जिलों में कामकाज, समन्वय और अन्य विषयों पर चर्चा हुई। कोरिया की घटना बेहद दुखद है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। छत्तीसगढ़ की बेहतरी के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा। मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम स्थिति मुख्यमंत्री ही स्पष्ट कर सकते हैं। सरकार की ओर से बैठक को नियमित समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन इसके समय और अवधि को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल सरकार और संगठन दोनों की ओर से किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं दिए गए हैं, लेकिन देर रात तक चली इस बैठक ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है। (Ministers Meeting in CM House)

Back to top button
error: Content is protected !!