Google Analytics —— Meta Pixel

मंत्रियों को अचानक बुलावा, CM हाउस में आधी रात तक चली बैठक, जानिए क्या था एजेंडा ?

Meeting of Chhattisgarh Ministers: छत्तीसगढ़ की राजनीति में बुधवार रात उस समय हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अचानक सभी मंत्रियों को रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास बुलाया। अचानक मिले बुलावे के बाद कई मंत्रियों ने अपने निर्धारित कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिए और तत्काल रायपुर के लिए रवाना हो गए। बैठक को लेकर देर रात तक मंत्रिमंडल फेरबदल और मंत्रियों से इस्तीफा लिए जाने जैसी चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में गर्म रहीं, लेकिन बैठक खत्म होने के बाद सरकार की ओर से इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया गया। मुख्यमंत्री निवास में रात करीब 9:30 बजे शुरू हुई बैठक देर रात लगभग 1:40 बजे तक चली। करीब चार घंटे से ज्यादा समय तक चली इस मैराथन बैठक में राज्य सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की समीक्षा, आगामी ढाई सालों की रणनीति, विभागीय कार्यों की प्रगति और सरकार-संगठन के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें:- मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री निवास में देर रात चली मैराथन बैठक, मंत्रियों के कामकाज की हुई समीक्षा

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री साय ने मंत्रियों से उनके विभागों की उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत फीडबैक लिया। सरकार के अब तक के कार्यकाल की समीक्षा करते हुए यह भी चर्चा हुई कि जनता तक योजनाओं का लाभ किस प्रकार और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। बैठक में अलग-अलग विभागों के कामकाज पर सुझाव मांगे गए और आगामी ढाई सालों के लिए प्राथमिकताएं तय करने पर भी मंथन हुआ। इसके साथ ही सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उपायों पर भी चर्चा की गई। पिछले कुछ समय से राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाएं लगातार चल रही हैं। कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री से इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर इसे सिर्फ राजनीतिक अटकल करार दिया था। इसके बावजूद बुधवार रात मंत्रियों को अचानक बुलाए जाने से सियासी गलियारों में एक बार फिर फेरबदल की चर्चा तेज हो गई। (Meeting of Chhattisgarh Ministers)

कार्यक्रम छोड़कर रायपुर पहुंचे मंत्री

बैठक से पहले यह भी चर्चा रही कि मंत्रियों को संगठन के निर्देश पर बुलाया गया है और कुछ मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा सकता है। हालांकि बैठक खत्म होने के बाद स्पष्ट किया गया कि यह मुख्यमंत्री की ओर से आयोजित डिनर बैठक थी, जिसमें सरकार के कामकाज की समीक्षा की गई। बताया गया कि दिन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सम्मान में आयोजित भोज के क्रम में ही रात को मंत्रियों को भी भोजन पर आमंत्रित किया गया था। अचानक बुलावे के कारण कई मंत्रियों को अपने निर्धारित दौरे बीच में छोड़ने पड़े। पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सरगुजा से सीधे रायपुर पहुंचे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में चल रहे कार्यक्रम को बीच में छोड़कर राजधानी पहुंचे। बैठक में डिप्टी CM अरुण साव, विजय शर्मा समेत मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, दयालदास बघेल, टंकराम वर्मा, लखनलाल देवांगन समेत सभी मंत्री मौजूद रहे।

भाजपा नेता की हत्या से भी बढ़ा बैठक का महत्व

बैठक के राजनीतिक महत्व को कोरिया जिले में हुई भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की हत्या की घटना ने और बढ़ा दिया। 2 दिन पहले रेत कारोबार से जुड़े विवाद में भाजपा नेता को कार में जिंदा जलाए जाने की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि बैठक में कानून-व्यवस्था और अवैध रेत खनन के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। रेत माफिया और अवैध खनन को लेकर राज्य में लगातार उठ रहे सवालों के बीच सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग को भी अवैध खनन के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जिन क्षेत्रों से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही हैं, वहां निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी गई है। (Meeting of Chhattisgarh Ministers)

यह बैठक सिर्फ विभागीय समीक्षा तक सीमित नहीं: विश्लेषक

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक सिर्फ विभागीय समीक्षा तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके माध्यम से सरकार ने अपने मंत्रियों को आगामी ढाई सालों के लिए स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया है। सरकार अब अपने कार्यकाल के दूसरे चरण में प्रवेश कर रही है और ऐसे में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसंपर्क और संगठनात्मक समन्वय को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है।हालांकि बैठक के बाद मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है, लेकिन अचानक बुलाई गई इस देर रात की बैठक ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर जारी है, क्योंकि मुख्यमंत्री साय ने कई मौकों पर मंत्रिमंडल में फेरबदल की बातों को नहीं नकारा, बल्कि सही समय का इंतजार करने की बात कही। (Meeting of Chhattisgarh Ministers)

Back to top button
error: Content is protected !!