कल रायपुर में 41 जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, दौरे से पहले भाजपा-कांग्रेस में तेज हुई बयानबाजी
Rahul Gandhi Raipur Tour: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान को नई धार देने के लिए लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून यानी कल एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर हाल ही में नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर प्रशिक्षण देंगे। हालांकि राहुल गांधी के दौरे से पहले ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और भाजपा-कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसॉर्ट में 20 जून से 29 जून तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर में प्रदेशभर के नव नियुक्त जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आज से कांग्रेस जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट करेंगे शुरुआत
PCC चीफ दीपक बैज ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। शिविर में जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट, सामाजिक गतिविधियों, सकारात्मक राजनीतिक संवाद, संगठन संचालन और जनसंपर्क की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल जाएंगे और करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे। संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, आगामी चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। शाम करीब 6:40 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। (Rahul Gandhi Raipur Tour)
खड़गे, प्रियंका और सचिन पायलट भी होंगे शामिल
कांग्रेस के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी अलग-अलग सत्रों में शामिल होंगे। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और तीनों प्रभारी सचिव प्रशिक्षण शिविर के दौरान मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उनका कहना है कि कांग्रेस आने वाले समय की राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है और यह प्रशिक्षण उसी का हिस्सा है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तंज कसना शुरू कर दिया है।
जहां-जहां वे जाते हैं वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राहुल गांधी आ रहे हैं, अच्छी बात है, लेकिन जहां-जहां वे जाते हैं वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है। लगातार चुनावी हार इसका प्रमाण है। बीजेपी के वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि राहुल गांधी के लिए कांग्रेस वाले गुलाब मंगवा रहे हैं। प्रशिक्षण की जरूरत कांग्रेस को क्यों पड़ रही है, पता नहीं। शायद भूपेश बघेल को बधाई देने आ रहे हैं, जहां-जहां भूपेश बघेल जाते हैं वहां हार होती है। कांग्रेस के विशेषज्ञ केवल पराजय का परिणाम ला रहे हैं। चंद्राकर ने इंडिया गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जिम्मेदार भूमिका निभाने में विफल रहा है और कांग्रेस के भीतर भी नेतृत्व संकट है। (Rahul Gandhi Raipur Tour)
मंत्री केदार कश्यप के बयान से बढ़ा विवाद
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सबसे ज्यादा विवाद कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के बयान पर हुआ। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने पहले प्रियंका गांधी के स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई थी, अब राहुल गांधी के स्वागत में क्या करेगी यह कांग्रेस बताए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अपने आकाओं को खुश करने के लिए नए-नए प्रयोग करती है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में करोड़ों का शराब घोटाला किया तो इस बार राहुल गांधी का स्वागत दारू से चरण धोकर करे। कश्यप के बयान को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे राहुल गांधी का अपमान बताया। PCC चीफ दीपक बैज ने मंत्री केदार कश्यप के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इस बयान से भाजपा के चरित्र को समझा जा सकता है। चार बार के मंत्री केदार कश्यप अफीम खाकर ये बयान तो नहीं दे रहे हैं।
कांग्रेस ने की मंत्री से माफी की मांग
बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है। कोई भी नेता आए तो धान से तौला जाता है। इस सरकार में अवैध शराब, अफीम की खेती भाजपा के नेता कर रहे हैं। सरकार ने छत्तीसगढ़ को अवैध शराब का गढ़ बना दिया है। इस बयान के लिए उन्हें माफी मांगना चाहिए। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर यह टिप्पणी आपत्तिजनक है। वरिष्ठ मंत्री की यह टिप्पणी बता रही है कि वह नशे में है। मंत्री को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। CM साय से मांग करते हैं कि अपने मंत्री को आचरण की शिक्षा दें। ढाई साल में गली कोचर में अवैध शराब की बिक्री हो रही है। शराब, अफीम और गांजे की वजह से प्रदेश में इस तरह का माहौल बन गया। यही वजह है कि प्रदेश का मंत्री इस तरह बयान दे रहा है।
भूपेश बघेल बोले- राहुल गांधी से डरती है भाजपा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक राहुल गांधी से डरता है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार राहुल गांधी को ट्रोल करने की कोशिश करती है, लेकिन राहुल गांधी अपने विचारों और कार्यक्रमों पर मजबूती से आगे बढ़ते हैं। भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल गांधी नियमित विमान सेवा से रायपुर आएंगे, करीब चार से पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में रहेंगे और फिर वापस दिल्ली लौट जाएंगे। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अच्छी बात है वो नकल कर रहे हैं, लेकिन नकल भी ठीक से अकल लगाकर करें। मैं उनको शुभकामनाएं देता हूं। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने तंज कसते हुए कहा था कि राहुल गांधी जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। उन्हें एक-दो बार छत्तीसगढ़ का भी दौरा करना चाहिए, ताकि यहां कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट हो सके।
दौरे से पहले गरमाई सियासत
राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। एक ओर कांग्रेस इसे संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी का मंच बता रही है, वहीं भाजपा इसे कांग्रेस की राजनीतिक कमजोरी और चुनावी हार से जोड़कर निशाना साध रही है। ऐसे में अभनपुर का यह प्रशिक्षण शिविर सिर्फ संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस और भाजपा के बीच नई राजनीतिक जंग का केंद्र भी बन गया है। 21 जून को राहुल गांधी के दौरे और उनके संबोधन पर अब प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। (Rahul Gandhi Raipur Tour)




