कल छत्तीसगढ़ के नए कांग्रेस जिलाध्यक्षों को संगठन मजबूत करने का मंत्र देंगे राहुल गांधी, जिलाध्यक्षों को मिलेंगी ये 5 बड़ी जिम्मेदारियां
Rahul Gandhi Chhattisgarh Mission: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल (21 जून) छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। राहुल गांधी राजधानी रायपुर के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इस दौरान वे हाल ही में नियुक्त 41 जिलाध्यक्षों को संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और भाजपा सरकार को घेरने के मुद्दों पर प्रशिक्षण देंगे। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को टारगेट शीट सौंपेंगे और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष टिप्स भी देंगे। राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2023 में प्रचार अभियान के दौरान सितंबर 2023 में उनके छत्तीसगढ़ आगमन के बाद यह पहला बड़ा दौरा होगा। लगभग तीन साल बाद उनके राज्य आगमन को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गर्म हो गई है।
यह भी पढ़ें:- कल रायपुर में 41 जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, दौरे से पहले भाजपा-कांग्रेस में तेज हुई बयानबाजी
कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर 20 जून से 29 जून तक अभनपुर में आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिलाध्यक्षों को 20 जून की शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इस शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस संगठन के कई वरिष्ठ नेता और रणनीतिकार भी कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं। प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को पांच प्रमुख लक्ष्य सौंपेंगे। (Rahul Gandhi Chhattisgarh Mission)

कमजोर बूथों पर फोकस- जिलों के कमजोर बूथों की पहचान कर वहां संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
नाराज वोटरों तक पहुंच- कांग्रेस से दूर हुए और असंतुष्ट मतदाताओं तक पहुंच बनाकर उन्हें दोबारा पार्टी से जोड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी।
जनहित के मुद्दों पर आंदोलन- स्थानीय और प्रदेश स्तर के जनहित के मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन, जनअभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए जाएंगे।
संगठन विस्तार- ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
सरकार को घेरने की रणनीति- जिलाध्यक्षों को भाजपा सरकार के खिलाफ प्रभावी मुद्दे तलाशने, अभियान चलाने और उसकी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
ओडिशा के जिलाध्यक्ष भी हो सकते हैं शामिल
जानकारी के मुताबिक प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ के 41 जिलाध्यक्षों के साथ ओडिशा कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को भी शामिल करने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसका प्रस्ताव कांग्रेस हाईकमान को भेजा है और अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। कांग्रेस इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को अपने ‘संगठन सृजन अभियान’ का हिस्सा बता रही है। पार्टी का उद्देश्य 2025-26 में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। कांग्रेस सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और संगठन में जवाबदेही तय करने की रणनीति पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि प्रशिक्षण शिविर के बाद जिलाध्यक्षों की कार्यप्रणाली का नियमित मूल्यांकन भी किया जाएगा। (Rahul Gandhi Chhattisgarh Mission)
जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे राहुल
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी प्रशिक्षण के दौरान जिलाध्यक्षों से व्यक्तिगत चर्चा भी करेंगे। वे जिलों की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय चुनौतियों, संगठन की स्थिति और भविष्य की रणनीति पर फीडबैक लेंगे। इसके अलावा जिलों के प्रमुख मुद्दों की रिपोर्ट भी ली जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व यह जानने की कोशिश करेगा कि किन स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा जा सकता है और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत की जा सकती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के अलावा मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन, जनसंपर्क और आंदोलन की रणनीति पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिलाध्यक्षों को यह भी बताया जाएगा कि जनता से जुड़े मुद्दों को किस तरह प्रभावी ढंग से उठाया जाए और सरकार की कमियों को राजनीतिक मुद्दा बनाया जाए।
कांग्रेस के दिग्गज नेता भी होंगे शामिल
जानकारी के मुताबिक प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा और शशिकांत सेंथिल समेत कई वरिष्ठ नेता और विशेषज्ञ शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में शराब घोटाला किया है। इसलिए कांग्रेस नेताओं को राहुल गांधी का स्वागत शराब से पैर धोकर करना चाहिए। कश्यप के इस बयान के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है। साथ ही कहा है कि वरिष्ठ मंत्री की यह टिप्पणी बता रही है कि वह नशे में है। मंत्री को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। CM साय से मांग करते हैं कि अपने मंत्री को आचरण की शिक्षा दें।




