‘ऑपरेशन टाइगर’ से महाराष्ट्र की सियासत में भूचाल, शिंदे गुट का दावा- आज UBT के 6 सांसद होंगे शामिल, विपक्ष बोला- लोकतंत्र पर हमला

Political Upheaval in Maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। शिवसेना (UBT) के कई सांसदों के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। शिंदे गुट के नेताओं ने दावा किया है कि शिवसेना (UBT) के 6 सांसद उनकी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं, जबकि विपक्षी दलों ने इसे लोकतंत्र और मतदाताओं के जनादेश के खिलाफ बताया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि ऑपरेशन टाइगर 24 घंटे, साल के 365 दिन चलता रहता है, हमारे नेता एकनाथ शिंदे के काम से प्रेरित होकर, बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा और विश्वास को मानने वाले सांसद दोपहर 3 बजे हमारी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। हम संजय राउत को धन्यवाद देते हैं, क्योंकि उनकी वजह से ही सभी विधायक सबसे पहले हमारी पार्टी में शामिल हुए और आज 6 सांसद शामिल हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, अखिलेश बोले- धर्म नहीं, धन से प्यार, भाजपा ने आरोपों पर किया पलटवार
मंत्री सरनाईक ने आगे कहा कि 6 सांसदों ने शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है। हमारे 13 सांसद होंगे। एकनाथ शिंदे पर भरोसा रखते हुए वे सभी आज शामिल होंगे। उन्होंने लोकसभा स्पीकर को एक पत्र दिया है। दोपहर 3 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। एकनाथ शिंदे पर भरोसा रखते हुए वे हमारी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। वहीं शिवसेना विधायक मनीषा कायंदे ने शिवसेना(UBT) के कई सांसदों के आज शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने की संभावना पर कहा कि कोई बागी नहीं हैं, वे शिवसेना में शामिल हो रहे हैं, वे शिव सैनिक हैं। मेरे पास अधिकृत जानकारी नहीं है कि वे आज शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं या नहीं, लेकिन निश्चित ही आज हमें अच्छी खबर मिलने वाली है। शिवसेना (UBT) नेता अंबादास दानवे ने कहा कि हम संविधान की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। हम नहीं रुकेंगे। (Political Upheaval in Maharashtra)
जहां पहले कमल नहीं खिल पाया, वहां कीचड़ फैलाया जा रहा है: खेड़ा
RJD सांसद मनोज झा ने शिवसेना (UBT) के कई सांसदों के आज शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने पर कहा कि उन्हें बागी कैसे कहा जा सकता है? उन्होंने शिवसेना (UBT) के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। जब शिवसेना UBT, TMC या किसी भी पार्टी में यह इंजीनियरिंग होती है, तो यह उनका संकट नहीं है, यह लोकतंत्र का संकट है। यह उद्धव ठाकरे के साथ धोखा नहीं है, यह उन मतदाताओं के साथ धोखा है, जिन्होंने विकल्प देखकर उन्हें चुना और वोट दिया। क्या आप उनके साथ अन्याय नहीं कर रहे हैं? कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जहां पहले कमल नहीं खिल पाया, वहां कीचड़ फैलाया जा रहा है – ऑपरेशन कीचड़। उनके अहम को इतनी चोट लगी कि 400 का नारा देकर 240 पर अटक गए, तो अब सांसद खरीद रहे हैं? ऐसा क्यों कर रहे हो? किस पर भरोसा नहीं है? क्या सरकारें इसलिए होती हैं कि सांसद और विधायक खरीदें? झारखंड, मध्यप्रदेश, हर जगह खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
कांस्टीट्यूशन का कोई मतलब रह नहीं गया: उदित राज
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि इसको ऑपरेशन कांस्टीट्यूशन कह सकते हैं। कांस्टीट्यूशन का कोई मतलब रह नहीं गया है। लोकतंत्र क्या कुछ लोगों के लिए था? लोकतंत्र जनता के लिए चाहिए। जब तानाशाही हो जाएगा तब कोई अपनी बात नहीं मनवा पाएगा। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि उद्धव ठाकरे का गुट शिवसेना की मूल भावना भूलकर सोनिया गांधी की चाटुकारिता में लग गया। इसलिए उनकी पार्टी के सांसद पार्टी छोड़कर असली शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शिवसेना विचारों की एक विरासत है। जब उन्होंने यह विरासत छोड़ी, तो एकनाथ शिंदे ने शिवसेना को जीवित रखा। उद्धव ठाकरे ने तब आत्म-चिंतन नहीं किया, जब उन्हें करना चाहिए था। बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना ही एकनाथ शिंदे की शिवसेना है। (Political Upheaval in Maharashtra)



