Google Analytics —— Meta Pixel

मानसून आया, लेकिन फिर भी नहीं बरसे बादल, छत्तीसगढ़ में 69% बारिश की कमी, कई जिलों में सूखे जैसे हालात

Problem Due to Less Rainfall: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन बारिश के आंकड़े अब भी चिंता बढ़ा रहे हैं। 1 जून से 22 जून तक प्रदेश में सामान्यतः 108.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में सिर्फ 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से करीब 69 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून दंतेवाड़ा से प्रदेश में प्रवेश कर चुका है, लेकिन अधिकांश जिलों में बारिश का वितरण बेहद कमजोर रहा है। इसके चलते खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं और किसानों की निगाहें अब जून के अंतिम हफ्ते पर टिकी हैं। राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें:- मानसून की एंट्री के साथ बदला मौसम, प्रदेशभर में अलगे 4 दिन बारिश और बिजली गिरने का खतरा

राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बारिश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रायपुर में सामान्य से 72 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि धमतरी और दुर्ग में 70-70 प्रतिशत बारिश का घाटा है। गरियाबंद में सामान्य से 68 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं महासमुंद में 80 प्रतिशत और बलौदाबाजार में 83 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। इन आंकड़ों ने किसानों और कृषि विभाग की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई के लिए पर्याप्त नमी अभी तक नहीं बन पाई है। रायपुर में 90.1 मिमी सामान्य बारिश के मुकाबले सिर्फ 25.3 मिमी बारिश हुई है। वहीं बलौदाबाजार में 81.3 मिमी के मुकाबले मात्र 14 मिमी बारिश दर्ज की गई।

कई जिलों में 80 से 95 प्रतिशत तक कम बारिश

प्रदेश के कई जिलों में बारिश की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। राजनांदगांव में सामान्य के मुकाबले 92 प्रतिशत बारिश घाटा दर्ज किया गया है, जबकि मोहला-मानपुर-चौकी जिले में हालात सबसे खराब हैं, जहां 95 प्रतिशत तक बारिश की कमी है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार और सक्ती जिलों में भी 83-83 प्रतिशत बारिश घाटा रिकॉर्ड किया गया है। लगातार कम बारिश के कारण इन क्षेत्रों में खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है और किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। राजनांदगांव में सामान्य 100.3 मिमी बारिश के मुकाबले सिर्फ 8.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

उत्तर छत्तीसगढ़ भी सूखे की मार से अछूता नहीं

उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। उत्तर छत्तीसगढ़ में भी मानसून की रफ्तार अपेक्षा के मुकाबले धीमी बनी हुई है और अधिकांश जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। सरगुजा में 50 प्रतिशत, सूरजपुर में 52 प्रतिशत और बलरामपुर में 36 प्रतिशत वर्षा की कमी रिकॉर्ड की गई है। वहीं कोरिया में 74 प्रतिशत तथा मनेंद्रगढ़-भरतपुर जिले में 80 प्रतिशत तक बारिश घाटा दर्ज किया गया है। जशपुर में भी सामान्य से 64 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बारिश की कमी के चलते कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है और किसान आगामी दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं। (Problem Due to Less Rainfall)

बस्तर में स्थिति बेहतर, फिर भी सामान्य से कम बरसा पानी

मानसून की दस्तक का सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग में देखने को मिला है, हालांकि यहां भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है। बस्तर जिले में 142.7 मिमी सामान्य बारिश के मुकाबले 74.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो 48 प्रतिशत कम है। दंतेवाड़ा में 107.7 मिमी के मुकाबले 49.9 मिमी और सुकमा में 132.2 मिमी के मुकाबले 60.3 मिमी बारिश हुई है, दोनों जिलों में करीब 54 प्रतिशत बारिश घाटा दर्ज किया गया है। वहीं कोंडागांव में 51.9 मिमी और बीजापुर में 28 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मानसून के प्रवेश के बाद बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की कमी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

खरीफ सीजन के लिए अगले 10 दिन बेहद अहम

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अधिकांश जिलों में अभी तक बुवाई के लिए पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है। धान उत्पादक राज्य होने के कारण जून का अंतिम सप्ताह और जुलाई का पहला पखवाड़ा किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। अगर जून के अंतिम सप्ताह में व्यापक और अच्छी बारिश होती है तो वर्तमान बारिश घाटा तेजी से कम हो सकता है और खरीफ फसलों को राहत मिलेगी। (Problem Due to Less Rainfall)

बेमेतरा में अब तक 21.3 मिमी औसत बारिश

बेमेतरा जिले में 1 जून से 22 जून तक 21.3 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। जिले में सर्वाधिक 35.5 मिमी वर्षा देवकर तहसील में और सबसे कम 8.5 मिमी वर्षा नवागढ़ तहसील में रिकॉर्ड की गई है। अन्य तहसीलों में बेमेतरा 14.3 मिमी, दाढ़ी 34.7 मिमी, बेरला 14.9 मिमी, भिंभौरी 25.5 मिमी, साजा 8.8 मिमी, थानखम्हरिया 29.5 मिमी और नांदघाट में 20.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और आने वाले दिनों में किसानों को राहत मिल सकती है। (Problem Due to Less Rainfall)

Back to top button
error: Content is protected !!