Google Analytics —— Meta Pixel

बारिश बनी आफत: बलौदाबाजार में आकाशीय बिजली गिरने से 10 गायों की मौत, धमतरी में 40 भेड़-बकरियों की गई जान, रायगढ़-रायपुर में जलभराव

Damage Caused by Rain: छत्तीसगढ़ में मानसून की पहली बारिश जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं कई इलाकों में यह आफत भी साबित हो रही है। प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने और जलभराव की कई घटनाएं सामने आई हैं। बलौदाबाजार जिले के नागेड़ी गांव में बिजली गिरने से 10 गायों की मौत हो गई, जबकि धमतरी जिले में 40 भेड़-बकरियां आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मारी गईं। हालाांकि धमतरी की घटना 17 जून की रात की बताई जा रही है, जहां गाज गिरने से 40 भेड़-बकरियों की जान चली गई। घटना की भनक लगते ही पशुधन विकास विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है।

यह भी पढ़ें:- सेंट्रल जेल में खूनी खेल: तिहरे हत्याकांड के कैदी ने रेप आरोपी को पत्थर से कूचकर मार डाला

विभागीय अमले ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। जांच में यह बात सामने आई है कि मृत पशु अन्य राज्यों से आए घुमंतू चरवाहों के थे। आकाशीय बिजली की इस घटना के बाद चरवाहों ने मृत पशुओं को नियमानुसार गड्ढा खोदकर सुरक्षित रूप से दफना दिया और वहां से आगे चले गए। पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने दफन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। राहत की बात यह है कि वर्तमान में वहां किसी भी प्रकार के संक्रमण या पशुजनित बीमारी फैलने की स्थिति नहीं है। पशुधन विकास विभाग के मुताबिक प्राकृतिक आपदा के कारण हुई इस आकस्मिक घटना के सभी आवश्यक तथ्यों और आंकड़ों का संकलन कर लिया गया है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

कांकेर में पेड़ पर गिरी बिजली

पशुधन विकास विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और पशुपालकों को त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए टीमें 24×7 प्रतिबद्ध हैं। वर्तमान में विभाग की ओर से एहतियातन कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र और आसपास के गांवों में स्थिति पर सतत निगरानी (Continuous Monitoring) रखी जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। वहीं कांकेर जिले के शीतलापारा जमातखाना के पास बिजली गिरने से एक विशाल पेड़ जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदलने के बाद रायपुर और रायगढ़ में तेज बारिश हुई। (Damage Caused by Rain)

रायपुर और रायगढ़ में जलभराव

रायपुर के सुंदरनगर स्थित महादेवघाट रोड पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। वहीं रायगढ़ में लगभग 45 मिनट हुई तेज बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। गंधरी पुलिया के पास नाले का गंदा पानी सड़क पर भर गया और घुटनों तक पानी जमा होने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। रायगढ़ में पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ था। सोमवार की बारिश के बाद अधिकतम तापमान घटकर 37.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। (Damage Caused by Rain)

Back to top button
error: Content is protected !!