Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में सुस्त पड़ा मानसून, खरीफ की बुआई पर गहराया संकट, खाद-बीज को लेकर सियासत भी तेज

Politics on Fertilizers Seeds: छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से खेती-किसानी पर संकट गहराने लगा है। प्रदेश के आधे से ज्यादा जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश होने के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने से किसान बुआई को लेकर इंतजार की स्थिति में हैं। वहीं जलाशयों का जलस्तर बढ़ने की रफ्तार भी धीमी है, जिससे आने वाले दिनों में सिंचाई और पेयजल व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। मौसम के साथ-साथ अब खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर भी सियासत तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगा रहा है, जबकि सरकार सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा कर रही है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में UCC पर सियासत तेज, कांग्रेस बोली- सत्ता बचाने का प्रपंच, भाजपा ने कहा- भ्रम फैला रही है कांग्रेस

प्रदेश में 1 जून से अब तक सामान्य रूप से 117.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 43.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी सामान्य से करीब 73 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद समेत कई जिलों में देखने को मिल रहा है। खेतों में नमी नहीं होने से धान समेत खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है। कई किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि बुआई शुरू की जा सके। कम बारिश का असर सिर्फ खेती तक सीमित नहीं है। अगर अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं होती है तो जलाशयों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाएगा। इसका असर सिंचाई, पेयजल और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है। कृषि आधारित प्रदेश होने के कारण बारिश में देरी किसानों की आय और उत्पादन दोनों पर असर डाल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों की निगाहें अब पूरी तरह मानसून पर टिकी हुई हैं। (Politics on Fertilizers Seeds)

खाद-बीज को लेकर कांग्रेस का सरकार पर वार

मानसून की धीमी रफ्तार के बीच खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और यहां की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है। अगर खेती प्रभावित होती है तो बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद, बीज और पानी मिलना चाहिए। कांग्रेस सरकार के समय हमने अच्छी व्यवस्था थी, लेकिन इस सरकार में किसानों को खाद नहीं मिल रही है और बड़े पैमाने पर कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान आखिर कहां जाएगा। पूरी परिस्थिति प्रदेश के किसानों के विरुद्ध है। सरकार कुछ करने में निसहाय दिख रही है। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खाद-बीज के वितरण की पूरी व्यवस्था की है। किसानों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। कांग्रेस भ्रम फैलाकर किसानों को गुमराह करने का काम कर रही है। किसान समझ रहे हैं, जिन्होंने किसानों को परेशान किया आज वो किस मुंह से किसानों की बात कर रहे हैं।

मानसून और व्यवस्था दोनों पर टिकी किसानों की उम्मीद

एक ओर प्रदेश में बारिश की कमी किसानों की चिंता बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। अब किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही मानसून रफ्तार पकड़ेगा और समय पर बारिश होने से खरीफ सीजन की बुआई गति पकड़ सकेगी। साथ ही प्रशासन भी यह सुनिश्चित करे कि किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद और बीज उपलब्ध हो, ताकि खेती का काम प्रभावित न हो, क्योंकि छत्तीसगढ़ के किसान दोहरी चुनौती से जूझ रहे हैं। एक तरफ आसमान से बरसात का इंतजार है, तो दूसरी ओर खेतों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कम बारिश ने खेती की रफ्तार धीमी कर दी है और इसी के साथ इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें मानसून पर टिकी हैं, क्योंकि आने वाले कुछ दिन तय करेंगे कि खरीफ सीजन पटरी पर लौटेगा या किसानों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। (Politics on Fertilizers Seeds)

Back to top button
error: Content is protected !!