राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद से भड़का संत समाज, कहा- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Ram Mandir Chhadhav Chori: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच संत समाज ने मामले को लेकर नाराजगी जताई है। संतों का कहना है कि भगवान श्रीराम के मंदिर में श्रद्धालुओं की चढ़ाई गई राशि में कथित गड़बड़ी सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था के साथ विश्वासघात है। साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि जब आस्था को चोट पहुंचती है तो बहुत पीड़ा होती है। पूरी घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, जहां विश्वास होता है, वहीं विश्वासघात होता है। मामला बहुत ही पीड़ा देने वाला है, क्योंकि आस्था से जुड़ा हुआ है। साध्वी ने कहा कि चंदन की लकड़ी पर ही सांप लिपटे हुए रहते हैं। उनसे हमेशा बचने की जरूरत होती है, लेकिन योगी जी ने शुरू में ही कह दिया था कि दूध का दूध और पानी का पानी होगा और कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में एग्जाम से एक दिन पहले TET पेपर लीक, सरकार ने रद्द की परीक्षा, विपक्ष हुई हमलावर
साध्वी ऋतंभरा ने आगे कहा कि चंपत राय के संघर्ष और हैं। हमने लंबे समय तक उनकी निष्ठा और समर्पण को देखा है। हमने उनकी कड़ी मेहनत भी देखी है। उनके आस-पास के लोगों की गलत हरकतों की वजह से आज उन्हें कटघरे में खड़ा होना पड़ रहा है, जो वाकई बहुत दुखद है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जब आस्था डगमगाती है तो चोट बहुत गहरी होती है। श्री राम जन्मभूमि के लिए संघर्ष पांच सौ सालों तक चला। एक ऐसा लगातार संघर्ष जिसमें लोगों ने न सिर्फ अपनी दौलत, बल्कि अपनी जान तक कुर्बान कर दी। योगी जी ने कहा है कि दोषियों को सजा मिलेगी, जो सजा के हकदार हैं, उन्हें सजा जरूर मिलनी चाहिए। साध्वी ने यह भी कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि मंदिरों में दान नहीं करना चाहिए। मैं कहती हूं कि पहला दान धर्म के लिए ही होना चाहिए। कभी-कभी खाना खाते वक्त अपने ही दांत से जीभ कट जाती है तो क्या हम खाना छोड़ देते हैं? (Ram Mandir Chhadhav Chori)
चंपत राय ने अथक प्रयास किया: साध्वी ऋतंभरा
उन्होंने कहा कि अगर हवन करते समय हाथ जल जाते हैं तो हवन की प्रक्रिया रोकी नहीं जाती। ऐसी घटनाएं हमें सचेत करती हैं। हताशा भी पैदा करती हैं, लेकिन पांच सौ साल का संघर्ष रहा है। कारसेवकों का बलिदान रहा है, इसी पर नजर रखिए। ऐसी घटनाएं दुबारा नहीं होनी चाहिए। जब एक भगवाधारी कुछ गलत करता है तो सभी को गलत नजर से देखा जाता है। ऐसी घटनाएं आशंका पैदा करती हैं। अतिविश्वास की वजह से ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। पाप होने ही नहीं देना चाहिए। महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और निष्पक्ष जांच के बाद कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर मामले की SIT जांच के आदेश दिए हैं। जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है। कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कुछ लोगों ने इस्तीफा भी दिया है। चंपत राय आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक हैं और राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद से उन्होंने अथक प्रयास किया है।
किसी ने छल किया है तो उसे कठोर दंड मिलना चाहिए: धीरेंद्र शास्त्री
कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि राम मंदिर राष्ट्र का मंदिर है, जो भी वहां के दान का दुरुपयोग करेगा, उसे ईश्वर दंड देगा। जैसे सीता जी का हरण करने पर रावण का कुल नष्ट हुआ था। उन्होंने कहा कि धार्मिक कार्यों में श्रद्धा से दिया गया दान समाज के कल्याण के लिए होता है। किसी ने श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ छल किया है तो उसे कठोर दंड मिलना चाहिए। कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि मंदिर के धन को खाने वाला 60 हजार साल तक मल का कीड़ा बनेगा। अधिकारियों को मंदिर से बाहर करो। योगी से कहूंगा कि वे चार शंकराचार्य में से किसी एक को, जो उन्हें सबसे ज्यादा प्रिय हो, उसी को अध्यक्ष बनाकर सनातन कोड बनाया जाए और धर्मज्ञों के हाथ में जिम्मेदारी दी जाए। अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के पुजारी रमेशदास महाराज ने कहा कि मैं प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को धन्यवाद देता हूं कि सरकारों ने जिस तरह से चोरी के आरोप विपक्ष लगाते थे और जो एसआईटी की रिपोर्ट आई हैं। मैं दोनों सरकारों को धन्यवाद देता हूं, जिस तरह सपा हो या कांग्रेस एसआईटी रिपोर्ट आने के बाद भी ये चिल्लाने का काम बंद नहीं कर रहे हैं। इन पर कार्रवाई करनी चाहिए। ये बेहद निंदनीय हैं। (Ram Mandir Chhadhav Chori)
पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए: जगद्गुरु शंकराचार्य
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के गठन से लेकर उसके संचालन तक पारदर्शिता का अभाव रहा है। साथ ही कहा कि परंपरागत साधु-संतों और आचार्यों की अपेक्षा राजनीतिक लोगों को ज्यादा महत्व दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए। साकेत भवन पीठाधीश्वर सीताराम दास महाराज ने कहा कि सरकार ने एसआईटी की जांच करके दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है, जो भ्रम फैलाया गया है वो दुर्भाग्यपूर्ण हैं, जिन्होंने सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश की उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जनआस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
आस्था के साथ खिलवाड़ करना बंद कीजिए: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक पक्ष कहता था कि राम हैं ही नहीं यानी अयोध्या को भी ये लोग नकारना चाहते थे। लगातार न्यायालय में मुकदमा लड़ते रहे, वकीलों की फौज राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के खिलाफ खड़ी करते रहे और दूसरा पक्ष वो है जो जय श्री राम बोलने पर लाठी और गोली चलाते थे। भगवान राम का नाम लेने पर जो लोग गोली चलाते थे आज वे कहते हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ। अरे तुम हमें आस्था बताओगे? राम नवमी पर दंगा करवाते थे, श्री कृष्ण जन्मोत्सव को प्रतिबंधित करते थे, कांवड़ यात्रा को नहीं निकलने देते थे, दुर्गा पूजा में दंगा करवाते थे। याद कीजिए कांग्रेस ने देश को लूटा ही नहीं था, नोंचा था। बेइमानी और भ्रष्टाचार के जो कीर्तिमान स्थापित किए थे और वे लोग आज अयोध्या पर आक्षेप लगा रहे हैं? ये स्वीकार्य नहीं। सरकार की जो मंशा है, सरकार ने पहले दिन कहा कि दूध का दूध और पानी का पानी सभी के सामने आएगा, लेकिन मैं फिर से अपील करूंगा कि राम भक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो, उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ करना बंद कीजिए। अगर तथ्य या प्रमाण नहीं है तो आरोप-प्रत्यारोप बंद करो और प्रमाण हैं तो SIT के सामने पेश करो। (Ram Mandir Chhadhav Chori)
हर आदमी की मांग है कि दोषियों को सजा दी जाए: हरि शंकर जैन
संत समाज का मानना है कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है। ऐसे में अगर चढ़ावे की राशि में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक संस्थाओं की पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (ट्रस्ट) ने बयान जारी कर कहा कि श्रीराम मंदिर के बारे में पिछले कुछ दिनों में सामने आई घटनाओं से हम हैरान, आहत और बेहद दुखी हैं। हम निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को आश्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (ट्रस्ट) के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे मिले हैं। ट्रस्ट अपनी अगली बैठक में इस मामले पर विचार-विमर्श करेगा। ट्रस्ट उन भक्तों को भरोसा दिलाता है, जिन्होंने भगवान राम को चढ़ाने के लिए ट्रस्ट के अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से चांदी की ईंटें और गहने जैसी चीजें सौंपी थी कि ये चीजें सुरक्षित हैं और इनका पूरा हिसाब-किताब रखा गया है। हम सभी को भरोसा दिलाते हैं कि भविष्य में ऐसी कोई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति न बने, इसके लिए हम कदम उठाएंगे। वहीं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से चंपत राय के इस्तीफे पर वरिष्ठ अधिवक्ता हरि शंकर जैन ने कहा कि जांच हो रही है, सच सामने आएगा। घोटाला हुआ है, कोई राम भक्त इसे सपोर्ट कैसे कर सकता है? हर आदमी की मांग है कि दोषियों को सजा दी जाए।
करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर चोट
500 सालों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना। मंदिर निर्माण के बाद देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे। विशेषकर महाकुंभ के दौरान अयोध्या में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। ऐसे में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी और चोरी के आरोप सामने आने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। रामभक्तों का कहना है कि भगवान के चरणों में अर्पित की गई श्रद्धा और विश्वास के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। मामले के सामने आने के बाद चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि विपक्ष का कहना है कि सिर्फ इस्तीफा या कुछ गिरफ्तारियां पर्याप्त नहीं हैं। कांग्रेस ने पूरे राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग की है। वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाया कि “हिंदू जानना चाहता है कि चढ़ावे का पैसा आखिर गया कहां ? विपक्ष का आरोप है कि इस मामले में छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार कर बड़ी जिम्मेदार हस्तियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।



