‘मन की बात’ में पीएम मोदी की अपील: फिलहाल सोना खरीदने से बचें, पेट्रोल-डीजल बचाएं, प्राकृतिक खेती अपनाएं
Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री मोदी ने आज रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम Mann Ki Baat के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए वैश्विक संकट के बीच संयम बरतने और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की अपील की। उन्होंने नागरिकों से फिलहाल सोना खरीदने से बचने, पेट्रोल-डीजल की बचत करने, कार पूलिंग अपनाने और विदेश यात्राएं टालने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले भी लोगों से अपील की थी कि जहां तक संभव हो कुछ समय तक नया सोना खरीदने से बचें। साथ ही अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ताकि ईंधन की बचत हो और प्रदूषण कम किया जा सके। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों की जगह प्राकृतिक और केमिकल-मुक्त खेती अपनाने तथा जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की। (Mann Ki Baat)
लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि देशवासियों ने उनकी अपील को गंभीरता से लिया। कई परिवारों ने तय किया है कि वे इस बार पारिवारिक आयोजनों में नया सोना नहीं खरीदेंगे और जरूरत पड़ने पर पुराने सोने को रीसायकल कर उपयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर लोगों ने साझा किया है कि उन्होंने विदेश यात्राएं टालने का फैसला किया है। वहीं, कार पूलिंग को लेकर भी लोगों में जागरूकता बढ़ी है और अब कई लोग साझा वाहनों का उपयोग कर रहे हैं। इससे ईंधन की बचत के साथ ट्रैफिक और प्रदूषण में भी कमी आई है।
बस और मेट्रो का बढ़ा उपयोग
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में लोग अब बसों और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का अधिक उपयोग कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती और जैविक खाद की मांग में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे खुशी है कि इस वैश्विक संकट का हम भारतीय मिलकर मुकाबला कर रहे हैं। जनभागीदारी की यही ताकत हमें मजबूत बनाएगी और सफलता दिलाएगी।”
शादी में अनोखी पहल, 3500 लोगों का कराया दुर्घटना बीमा
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने Nanded के पेठकर परिवार की सराहना की, जिसने अपने घर में शादी के अवसर पर गांव के करीब 3500 लोगों के लिए दुर्घटना बीमा कराया।
पीएम मोदी ने बताया कि परिवार ने विवाह समारोह में मेहमानों को उपहार देने की बजाय समाजहित में एक अनूठा कदम उठाया और प्रत्येक व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया।
उन्होंने कहा, “इस पहल के पीछे की भावना बेहद प्रेरणादायक है। परिवार ने देखा था कि दुर्घटना के बाद लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में छोटी मदद भी बड़ा सहारा बन जाती है।”
बीमा योजनाओं से करोड़ों परिवारों को सुरक्षा
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की Pradhan Mantri Suraksha Bima Yojana के तहत मात्र 20 रुपये सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। इस योजना से अब तक 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं, जिनमें करीब 28 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। योजना के तहत अब तक 3700 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।
इसके अलावा Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है। इस योजना से अब तक 57 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं और करीब 11 लाख परिवारों को 22 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता मिली है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।



