धर्मांतरण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाएगा साहू समाज, 6 घंटे चली मैराथन बैठक में बनी रणनीति, बीजेपी-कांग्रेस के नेता हुए शामिल

Sahu Samaj on Conversion: छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का मुद्दा अब प्रदेश के सबसे बड़े ओबीसी समाज यानी साहू समाज तक पहुंच गया है। आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय के बयान के बाद साहू समाज ने इस विषय पर बड़ी पहल करते हुए प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। सोमवार को राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित साहू समाज कॉम्प्लेक्स में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू की अध्यक्षता में आयोजित अहम बैठक में धर्मांतरण रोकने के लिए रणनीति तैयार की गई। करीब छह घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, कई राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि और सामाजिक प्रतिनिधि एक मंच पर नजर आए।
बैठक में डिप्टी CM अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, भाजपा विधायक मोतीलाल साहू, कांग्रेस विधायक संदीप साहू समेत समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। खास बात यह रही कि भाजपा और कांग्रेस से जुड़े साहू समाज के नेता सामाजिक मुद्दे पर एकजुट दिखाई दिए। बैठक में प्रदेश में सामने आ रही धर्मांतरण की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। समाज के पदाधिकारियों ने फैसला लिया कि धर्मांतरण के खिलाफ पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों में प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो समाज के लोगों के बीच जाकर जागरूकता अभियान संचालित करेंगे। बैठक में इस विषय पर विस्तृत चर्चा के बाद अभियान की रूपरेखा भी तैयार की गई। (Sahu Samaj on Conversion)

साहू समाज के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने बताया कि समाज पहले से ही प्रदेशभर में जनसंख्या सर्वे का काम करा रहा है। इस सर्वे के माध्यम से समाज के लोगों तक पहुंच बनाई जाएगी और उन्हें धर्मांतरण के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज उन लोगों की भी पहचान करेगा, जिन्होंने धर्म परिवर्तन किया है और उन्हें फिर समाज से जोड़ने के लिए घर वापसी अभियान भी चलाया जाएगा। बैठक में सिर्फ धर्मांतरण का मुद्दा ही, नहीं बल्कि समाज के दीर्घकालिक विकास पर भी चर्चा हुई। समाज ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य करने का फैसला लिया, ताकि सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। (Sahu Samaj on Conversion)

दरअसल, धर्मांतरण का यह मुद्दा 24 जून को उस समय चर्चा में आया था, जब आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय ने कहा था कि सिर्फ आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि साहू समाज में भी बड़ी संख्या में धर्मांतरण हो रहा है। उन्होंने कहा था कि आदिवासियों के अलावा सबसे ज्यादा धर्मांतरण साहू समाज में हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि धर्म परिवर्तन सुनियोजित तरीके से कराया जा रहा है और जो भी धर्मांतरण कराएगा, उसका मार्ग रोका जाएगा। साय ने कहा था कि धर्म स्वतंत्रता कानून के तहत ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नंदकुमार साय के इसी बयान के बाद साहू समाज ने इसे गंभीर सामाजिक विषय मानते हुए व्यापक चर्चा की और अब प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। समाज का कहना है कि अभियान, सर्वे और संगठनात्मक प्रयासों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा और सामाजिक एकजुटता को मजबूत किया जाएगा।



