PCC चीफ दीपक बैज ने कहा- प्रशिक्षण शिविर के बाद कांग्रेस होगी आक्रामक, साव बोले- एक-दूसरे को निपटाने के लिए आक्रामक होगी पार्टी

Politics on Prashikshan Shivir: PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के बाद प्रदेश में पार्टी और ज्यादा आक्रामक तेवर के साथ जनता के मुद्दों को उठाएगी। बैज ने दावा किया कि प्रशिक्षण शिविर से मिले अनुभव और संगठनात्मक सीख के आधार पर कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगी। बैज ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में आयोजित संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर सफल रहा। उन्होंने इस शिविर को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, वामसी रेड्डी, सचिन राव, शशिकांत सेंथिल, पवन खेड़ा, अलका लांबा, एस. संपत, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, अरुण शर्मा समेत सभी वरिष्ठ नेताओं, प्रशिक्षकों और पदाधिकारियों का आभार जताया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कल से लागू होगी ‘वीबी जी राम जी’ योजना, कांग्रेस ने फंड को लेकर उठाए सवाल, बीजेपी ने किया पलटवार
बैज ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, धनेंद्र साहू, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, विधायकों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, कांग्रेस सेवा दल, कई विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों समेत कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर से मिली सीख, नई ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव कांग्रेस को बूथ स्तर तक और ज्यादा सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत कर कांग्रेस अब प्रदेश में जनता के मुद्दों पर पहले से ज्यादा आक्रामक तरीके से संघर्ष करेगी।

डिप्टी CM अरुण साव ने कसा तंज
कांग्रेस के इस दावे पर डिप्टी CM अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर आक्रामक होगी तो अपने ही नेताओं के खिलाफ होगी। कांग्रेस के भीतर आपसी खींचतान और गुटबाजी ही सबसे बड़ी समस्या है। साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आक्रामक होगी तो एक-दूसरे के खिलाफ लड़ने के लिए होगी, एक-दूसरे को निपटाने के लिए होगी। जनता के लिए इनके पास कोई सोच नहीं है। इसलिए इनका कुछ होने वाला नहीं है। ये कितना भी प्रशिक्षण कर लें, कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रशिक्षण में जनता के हितों की बजाय पार्टी के खर्चों की व्यवस्था करना सिखाया गया।
सचिन पायलट को लेकर भी टिप्पणी
मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के प्रशिक्षण में उन्हें सिखाया गया कि चाय-पानी का खर्चा कैसे निकालना है, जनता के पैसे से जिला कार्यालय कैसे बनाना है और जनता के पैसे से अपने खर्च कैसे चलाने हैं। यही सब कांग्रेस के प्रशिक्षण में सिखाया गया है। पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के संगठनात्मक बदलावों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविर के बाद कांग्रेस के प्रभारी भी बदले जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच खींचतान चल रही है, इसी वजह से सचिन पायलट को राजस्थान भेजा जा रहा है।कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर जहां पार्टी इसे संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति का आधार बता रही है, वहीं बीजेपी इसे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और गुटबाजी से जोड़ते हुए लगातार हमलावर नजर आ रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



