शांतिदूत का मुखौटा, पड़ोस में संहार, अफगानिस्तान में पाकिस्तानी वायुसेना की बर्बरता, एयरस्ट्राइक में 36 निर्दोष लोगों की मौत, 163 घायल

Pakistan Attack on Afghanistan:एक तरफ वैश्विक मंचों पर अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता का दावा करने वाले पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिफ मुनीर का क्रूर चेहरा उनके अपने ही पड़ोस में बेनकाब हो गया है। अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी वायुसेना की अंधाधुंध बमबारी ने एक बार फिर दक्षिण एशिया में तनाव चरम पर पहुंचा दिया है। जून महीने के भीतर ही अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी सेना का यह तीसरा बड़ा हमला है, जिसमें दावा आतंकवादियों को निशाना बनाने का था, लेकिन जमीनी हकीकत में 36 से ज्यादा निर्दोष और निहत्थे नागरिकों की जान जा चुकी है। जबकि 163 घायल हुए हैं। अफगानिस्तान के अस्पतालों से दिल दहला देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं, जहां घायल बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग अपनी कटी-फटी लाशों और उजड़े आशियानों के बीच कराह रहे हैं। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र में अफगानिस्तान के स्थायी मिशन ने पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। साथ ही भारत ने भी निंदा की है।
यह भी पढ़ें:- धर्मांतरण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाएगा साहू समाज, 6 घंटे चली मैराथन बैठक में बनी रणनीति, बीजेपी-कांग्रेस के नेता हुए शामिल
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अफगानिस्तान में पाकिस्तान के किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिकों की जान गई है। पाकिस्तान की यह खुली आक्रामकता अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए सीधा खतरा है। यह पाकिस्तान के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लगातार जारी रहने और अपनी सीमाओं के बाहर हिंसा की हताशपूर्ण हरकतों के जरिए अपनी अंदरूनी नाकामियों को बाहरी रूप देने की उसकी बेकार कोशिश को दर्शाता है। भारत उन अफगान परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता है और अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ये लोग पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिफ मुनीर को सीधे तौर पर इस तबाही का जिम्मेदार ठहराते हुए बददुआएं दे रहे हैं। रोते-बिलखते लोगों का एक ही सवाल है कि आखिर वे किस एंगल से आतंकवादी नजर आते हैं, जिसके लिए रात के अंधेरे में उनके आशियाने उजाड़ दिए गए और उनके अपनों को मौत की नींद सुला दिया गया ? आम अफगानी नागरिकों का यह गुस्सा और उनकी बददुआएं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखी जा सकती हैं। जनरल मुनीर की वायुसेना ने आधी रात को उड़ान भरी और अफगानिस्तान के तीन अलग-अलग ठिकानों पर अंधाधुंध बमबारी शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक ये हवाई हमले अफगानिस्तान के पाकतिका और पाकतिया प्रांत के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में किए गए हैं। (Pakistan Attack on Afghanistan)

रात के सन्नाटे में गिराए गए बमों के कारण अब तक 36 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे के नीचे से जैसे-जैसे शव निकाले जा रहे हैं, मौतों का यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे स्तब्ध करने वाली बात यह है कि मरने वालों में सभी आम नागरिक बताए जा रहे हैं। हमले के बाद की जो तस्वीरें पाकतिया प्रांत के गांवों से आ रही हैं, वे किसी श्मशान घाट जैसी प्रतीत होती हैं, जो कल तक हंसते-खेलते रिहायशी इलाके और सामान्य घर थे, वे अब पूरी तरह से खंडहर और मलबे के ढेर में तब्दील हो चुके हैं। मिट्टी और कंक्रीट के ढहे हुए ढांचों के बीच से लोगों का घरेलू सामान और अपनों की तलाश में भटकते ग्रामीण दिखाई दे रहे हैं। यह साफ दर्शाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना के निशाने पर कोई सैन्य या आतंकी कैंप नहीं, बल्कि आम नागरिकों के ठिकाने थे। (Pakistan Attack on Afghanistan)

पाकिस्तान का दावा बनाम जमीनी सच्चाई
इस क्रूर सैन्य कार्रवाई की चौतरफा निंदा होने के बाद पाकिस्तानी सेना ने एक बयान जारी कर अपनी इस हरकत को जायज ठहराने की कोशिश की है। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि यह ऑपरेशन पूरी तरह से आतंकवाद विरोधी था। सेना ने कहा कि हाल के दिनों में देशभर में सुरक्षाबलों पर बढ़ते आतंकी हमलों के जवाब में यह खुफिया-आधारित अभियान शुरू किया गया था। पाकिस्तान अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पाकिस्तान ने अफगान सीमा से सटे इलाकों में मिलिट्री ऑपरेशन चलाने का दावा करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने पहले खुफिया सूचना के आधार पर जमीनी अभियान चलाया और उसके बाद अफगानिस्तान सीमा के पास आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए, लेकिन हमले में मारे गए और घायल लोगों की जो तस्वीरें और वीडियो सामने आ रही हैं, वे कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। ये सभी लोग पूरी तरह से बेकसूर और निहत्थे ग्रामीण थे, जिन्हें पाकिस्तानी सेना ने मौत की नींद सुला दिया।
तालिबान सरकार की चेतावनी- कहां लिया जाएगा बदला
इस हमले के बाद अफगानिस्तान की तालिबान सरकार का रुख बेहद कड़ा और आक्रामक हो गया है। तालिबान सरकार के नुमाइंदों ने तुरंत हमले वाले जगहों का दौरा कर पाकिस्तान की इस कायराना करतूत की कड़े शब्दों में निंदा की है। तालिबान के प्रवक्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि अफगानिस्तान की धरती पर बहाए गए निर्दोषों के खून का बदला बहुत जल्द और एक बड़े हमले से लिया जाएगा। इस घटना ने दोनों देशों के बीच पहले से ही जारी कूटनीतिक और सैन्य गतिरोध को युद्ध जैसी स्थिति में धकेल दिया है। मासूमों की चीखों और अस्पतालों में पसरे मातम के बीच अब दोनों देशों की सीमाओं पर युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं। तालिबान सरकार के आक्रामक रुख और बड़े पलटवार की चेतावनी ने यह साफ कर दिया है कि जनरल मुनीर की इस कायराना हरकत की कीमत पाकिस्तान को भारी सैन्य टकराव के रूप में चुकानी पड़ सकती है। बता दें कि पाक ने पिछले पांच महीनों में अफगानिस्तान में 10 से ज्यादा हवाई हमले किए हैं, जिनमें 800 से ज्यादा अफगान नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं। अफगानिस्तान के मुताबिक ये हमले खोस्त, पक्तिया, पक्तिका, कुनार, काबुल, नंगरहार और कंधार समेत कई प्रांतों पर किए गए। इन हमलों में आवासीय मकान, अस्पताल, स्कूल और विश्वविद्यालय समेत नागरिक अवसंरचनाओं को भी निशाना बनाया गया है।




