Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया ट्रिपल मर्डर केस की जांच करेगी CBI, भाजपा नेता समेत 3 लोगों की हुई थी हत्या, अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

Triple Murder CBI Investigation: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI करेगी। राज्य सरकार ने इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। दरअसल, भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार, समाज के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार CBI जांच की मांग कर रहे थे। राज्य सरकार की ओर से मंजूरी दिए जाने के बाद अब पूरे मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी। यह वारदात 16 जून की रात को कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में हुई थी। जानकारी के मुताबिक रेत के अवैध खनन और उससे होने वाली कथित अवैध उगाही को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो खूनी संघर्ष में बदल गया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर नीति पर सियासत, बैज बोले- जब ट्रांसफर का रेट फिक्स होगा, तभी फैसला लेगी सरकार, साव का पलटवार  

घटना वाली रात एक ही परिवार के पांच लोग फॉर्च्यूनर वाहन में सवार थे। आरोपियों ने पहले घर के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया। आग इतनी भीषण थी कि भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह वाहन के अंदर ही गंभीर रूप से झुलस गए। इसी दौरान आरोपियों ने लल्ला सिंह के भाई विरेंद्र सिंह पर फरसे से हमला कर दिया और उनके गले पर वार किया। गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फॉर्च्यूनर पूरी तरह जल चुकी थी और लल्ला सिंह की मौत हो चुकी थी। नागेंद्र सिंह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गए थे। उन्हें रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। (Triple Murder CBI Investigation)

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ के आधार पर घटना की साजिश, हथियारों के इस्तेमाल और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अब CBI जांच शुरू होने के बाद पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की दोबारा जांच की जाएगी। जानकारी के मुताबिक विवाद की जड़ रेत के अवैध खनन और उससे होने वाली कथित अवैध वसूली थी। बताया जा रहा है कि चिरमी रेत घाट का ठेका करीब आठ महीने पहले मयंक सिंह के नाम पर मिला था। इसके बाद मयंक सिंह और उसके परिवार पर सोनहत, कैलाशपुर, तेलीमुड़ा, बेलिया और छिंगुरा क्षेत्र से निकलने वाली अवैध रेत से भी कथित रूप से वसूली करने के आरोप लगे।जानकारी के अनुसार मयंक सिंह प्रत्येक हाईवा से लगभग एक हजार रुपए वसूला करता था, जबकि बैकुंठपुर में एक हाइवा रेत की कीमत करीब पांच हजार रुपए तक बताई जाती है। (Triple Murder CBI Investigation)

पीड़ित परिवार की मांग पर सरकार का फैसला

दूसरी ओर भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार के पास टीपर वाहन हैं, जिनसे वे रेत का परिवहन कर बैकुंठपुर में बिक्री करते थे। आरोप है कि त्रिपाठी परिवार दूसरे घाटों से निकाली गई रेत के एवज में कथित वसूली देने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई महीनों से तनाव बना हुआ था, जो आखिरकार हिंसक वारदात में बदल गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने लगातार CBI जांच की मांग उठाई थी। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI जांच की अनुशंसा करते हुए अधिसूचना जारी कर दी। अब CBI यह जांच करेगी कि हत्या की साजिश कैसे रची गई, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे, रेत के अवैध कारोबार और कथित उगाही के नेटवर्क की क्या भूमिका थी। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम में किसी बड़े गिरोह या अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों की संलिप्तता तो नहीं थी। 

Back to top button
error: Content is protected !!