Google Analytics —— Meta Pixel

बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक शराब दुकान में कर्मचारी थे और ड्यूटी खत्म कर लौटते समय तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया के पास हुआ। मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34) निवासी खोरसीनाला लवन रोड और गोपी किशन आडिल (25) निवासी ग्राम सोनपुरी के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और पलारी क्षेत्र के संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोटिया के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पलारी थाना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल कैप्सूल वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

इस हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की विवेचना कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!