बीजापुर में आकाशीय बिजली का कहर, 9 बकरियों की मौत, मानसून सक्रिय होने के साथ बढ़ा गाज गिरने का खतरा
Death By Lightning Strike: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के साथ ही आकाशीय बिजली का खतरा भी बढ़ गया है। बीजापुर जिले में बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जिले के चेरकंटी सरहद स्थित कोटेर गांव में गाज गिरने से 9 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के मुताबिक बकरियां गांव के पास चर रही थी, तभी अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से सभी नौ बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दी।
यह भी पढे़ं:- दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, पूरे प्रदेश में एक हफ्ते तक बरसेंगे बादल
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला मामले की जानकारी जुटाने और आवश्यक कार्रवाई में लग गया है। नुकसान का आकलन कर पशुपालक को शासन की नियमानुसार सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इधर, मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज और कल भारी से अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर छत्तीसगढ़ में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र के कारण प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इसके साथ ही बिजली गिरने की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो सकती है। (Death By Lightning Strike)




