दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, पूरे प्रदेश में एक हफ्ते तक बरसेंगे बादल

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 10 दिनों से सुस्त पड़ा मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 30 जून तक मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है और मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज (2 जुलाई) और कल (3 जुलाई) कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित लो प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में नमी लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- आवाज सिर्फ पहचान नहीं, सेहत का भी आईना, जानिए कब सामान्य और कब गंभीर है आवाज में बदलाव
मानसून की शुरुआत कमजोर रहने के कारण प्रदेश में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। 30 जून तक जहां सामान्य रूप से 188.0 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहीं सिर्फ 66.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। यानी प्रदेश में अब तक लगभग 65 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर अगले हफ्ते तक मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। बीते 24 घंटे में सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती हैऔर तेज हवाएं चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। (Rain Alert in Chhattisgarh)
| जगह | जिला | बारिश |
|---|---|---|
| छोटेडोंगर | नारायणपुर | 80 मिलीमीटर |
| कुटरू | बीजापुर | 80 मिलीमीटर |
| पटना | कोरिया | 70 मिलीमीटर |
| चिरमिरी | मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर | 70 मिलीमीटर |
| बीजापुर | बीजापुर | 70 मिलीमीटर |
| भैरमगढ़ | बीजापुर | 70 मिलीमीटर |
| बैकुंठपुर | कोरिया | 70 मिलीमीटर |
| मनेन्द्रगढ़ | मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर | 60 मिलीमीटर |
| नया बाराद्वार | सक्ती | 60 मिलीमीटर |
| रामचंद्रपुर | बलरामपुर | 60 मिलीमीटर |
| बड़े बचेली | दंतेवाड़ा | 60 मिलीमीटर |
| ओरछा | नारायणपुर | 60 मिलीमीटर |
| ओडगी | सूरजपुर | 60 मिलीमीटर |
| भोपालपटनम | बीजापुर | 60 मिलीमीटर |
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का तापमान
| जगह | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| बलरामपुर | 34.7°C | 30°C |
| बिलासपुर | 34.0°C | 27.3°C |
| जशपुर | 33.5°C | 24°C |
| अंबिकापुर | 33.1°C | 22.5°C |
| कोरबा | 32.9°C | 25°C |
| पेंड्रारोड | 32.6°C | 22.0°C |
| रायपुर | 31.8°C | 26.8°C |
| राजनांदगांव | 31.5°C | 22.0°C |
| बिलासपुर (मौसम केंद्र) | 31.3°C | 25.9°C |
| दुर्ग | 30.6°C | 24.0°C |
| जगदलपुर | 28.2°C | 23.2°C |
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश बढ़ने के पीछे तीन प्रमुख मौसमीय कारण हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जबकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी लगातार बढ़ रही है, जिससे अगले कुछ दिनों तक अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसी बीच बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कलेक्टर बंगले के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे वहां खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस घटना में कार सवार सभी लोग सुरक्षित रहे। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है। (Rain Alert in Chhattisgarh)



