वेटर से अंतरराज्यीय ठग बना जॉन, चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर 300 होटलों को लगाया चूना, विदेशी टूर गाइड बनकर ठगता था आरोपी

Fraud in Hotels: देशभर के फाइव स्टार होटलों को अपना निशाना बनाकर सालों से ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय शातिर ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 से ज्यादा राज्यों के करीब 300 फाइव स्टार होटलों में ठगी और चोरी करने का आरोप है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था और उसी की तर्ज पर फर्जी पहचान बनाकर महंगे होटलों में ठहरता, होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल करता और फिर बिना बिल चुकाए कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। मामला रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल हयात का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक बिंगसन जॉन 25 जून को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें:- बलरामपुर में भाजपा नेता ने मंच पर पहनाई माला, समाज ने महिला सरपंच के पूरे परिवार का किया बहिष्कार, हुक्का-पानी बंद
आरोपी ने होटल का 63 हजार 755 रुपए का बिल भी नहीं चुकाया। इतना ही नहीं, उसने अपनी मांग पर किराए पर लिया गया लगभग 1.48 लाख रुपए कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले लिया। होटल प्रबंधन ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने होटल में जमा कराए गए दस्तावेजों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। पुलिस टीम तत्काल भुवनेश्वर रवाना हुई और घटना के महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से होटल का चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया। (Fraud in Hotels)
पहले वेटर था, फिर बन गया शातिर ठग
पूछताछ में सामने आया कि बिंगसन जॉन ने अपने करियर की शुरुआत एक होटल में वेटर के रूप में की थी। होटल इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी मिलने के बाद उसने ठगी का रास्ता अपना लिया। वह खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। कई दिनों तक होटल की लग्जरी सुविधाओं का आनंद लेने के बाद वह बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ठग चार्ल्स शोभराज से काफी प्रभावित था। इसी कारण उसने लोगों को धोखा देने और पहचान छिपाकर वारदात करने के अलग-अलग तरीके अपनाए। वह हर बार नई पहचान और नई कहानी के साथ होटल में प्रवेश करता था, जिससे लंबे समय तक उसकी असली पहचान सामने नहीं आ पाती थी। (Fraud in Hotels)
300 से ज्यादा फाइव स्टार होटलों में कर चुका है ठगी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि साल 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से ज्यादा फाइव स्टार होटलों में ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहली बार साल 1996 में तिहाड़ जेल गया था। इसके बाद भी वह अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की वारदातें करता रहा। पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 साल तक सजा काट चुका है, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद भी उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा। बिंगसन जॉन मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाले हैं। रायपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अब रायपुर पुलिस देश के अन्य राज्यों में आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड भी जुटा रही है, ताकि उसके आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी सामने लाई जा सके। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से देशभर के लग्जरी होटलों को सुनियोजित तरीके से निशाना बना रहा था और फर्जी पहचान के सहारे होटल प्रबंधन को धोखा देकर लाखों रुपए की ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा।



