बीमा लोकपाल अधिकारी बनकर 1.60 करोड़ की साइबर ठगी, दिल्ली से 3 आरोपी गिरफ्तार, नाइजीरियन नेटवर्क से जुड़े तार

Online Fraud in Durg: बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर एक शख्स से 1 करोड़ 60 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और पॉलिसी का रिफंड दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराते थे। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि जिन बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया, उनका संबंध एक नाइजीरियन साइबर नेटवर्क से है। फिलहाल पुलिस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें:- खाई में समाई यात्रियों से भरी बस, 40 लोगों की मौत, पहाड़ी मोड़ पर हुआ बड़ा हादसा
रेंज साइबर थाना में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बीमा पॉलिसी का रिफंड दिलाने के नाम पर उससे अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 60 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर अपराध के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले के तार दिल्ली तक पहुंचे। जांच के बाद रेंज साइबर थाना की विशेष टीम दिल्ली रवाना हुई, जहां मनमीत सिंह, ईशांत माहे उर्फ ईशु और अमनदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। (Online Fraud in Durg)
नाइजीरियन नेटवर्क से जुड़े मिले तार
पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने तीनों को 1 जुलाई को गिरफ्तार किया और तीस हजारी कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर दुर्ग लाई। जांच में सामने आया कि जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई, उनका इस्तेमाल एक विदेशी नाइजीरियन नागरिक जॉनसन और उससे जुड़े साइबर नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था। पुलिस को आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं। साथ ही अलग-अलग राज्यों में इनके खिलाफ साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक और कई अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
आरोपी पहले लोगों को बीमा पॉलिसी की राशि वापस दिलाने का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, टैक्स, एनओसी, क्लियरेंस समेत अलग-अलग कारण बताकर कई किश्तों में रकम जमा कराते थे। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास होता, तब तक पैसा कई बैंक खातों के जरिए आगे ट्रांसफर कर दिया जाता था। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने लोगों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट, निवेश या ऑनलाइन भुगतान से जुड़े किसी भी कॉल, मैसेज या ईमेल पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर अपने नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें। (Online Fraud in Durg)



