अल-नीनो और कमजोर मानसून से खेती पर संकट, छत्तीसगढ़ में सिर्फ 10% बुआई, एक्सपर्ट बोले- कम अवधि वाली धान की किस्में अपनाएं किसान

Rain Impact on Agriculture: छत्तीसगढ़ में जुलाई की शुरुआत के साथ बारिश की गतिविधियां तेज जरूर हुई हैं, लेकिन प्रदेश के कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश और खंडवर्षा की स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर खरीफ सीजन की बुआई पर दिखाई दे रहा है। कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 48.69 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले अब तक ससिर्फ करीब पांच लाख हेक्टेयर यानी लगभग 10 प्रतिशत क्षेत्र में ही बुआई हो सकी है। आमतौर पर प्रदेश में धान की बुआई आषाढ़ माह तक पूरी हो जाती है, लेकिन इस बार मानसून की धीमी चाल के कारण कई क्षेत्रों में खेत तैयार नहीं हो पाए हैं। अगर जुलाई के पहले पखवाड़े तक पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो किसानों को खेती की रणनीति बदलनी पड़ेगी।
यह बी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, मध्य-दक्षिण क्षेत्र में तेज बारिश की चेतावनी, बिजली गिरने से 3 की मौत
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि देर से बुआई होने की स्थिति में लंबी अवधि वाली धान की बजाय कम अवधि में तैयार होने वाली किस्मों का चयन करना चाहिए। 90 से 100 दिन में तैयार होने वाली समलेश्वरी और दंतेश्वरी किस्में ऐसे मौसम में बेहतर विकल्प मानी जा रही हैं। वहीं 100 से 110 दिन की अवधि वाली आईआर-64, इंदिरा बारानी-1, इंदिरा बारानी-2 और सहभागी धान की भी अनुशंसा की गई है।विशेषज्ञों ने किसानों को डायरेक्ट सीडेड राइस तकनीक अपनाने की भी सलाह दी है। इससे समय की बचत होती है और कम बारिश की स्थिति में भी खेती अपेक्षाकृत सुरक्षित रहती है। (Rain Impact on Agriculture)
धान छोड़ दलहन-तिलहन पर जोर
कृषि विभाग ने उच्च भूमि वाले क्षेत्रों में धान की बजाय दलहन और तिलहन की खेती को ज्यादा लाभदायक बताया है। किसानों को अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, तिल, रामतिल और सोयाबीन जैसी फसलें लगाने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये कम पानी में भी अच्छी पैदावार देती हैं। कतार पद्धति से बुआई करने पर नमी संरक्षण, खरपतवार नियंत्रण और पौधों की बढ़वार बेहतर होती है। अगर 15 जुलाई तक अंकुरण नहीं होता है तो दोबारा बुआई के समय सामान्य से 10 प्रतिशत ज्यादा बीज का उपयोग करने और जरूरत के मुताबिक नैनो यूरिया या दो प्रतिशत यूरिया घोल के छिड़काव की सलाह दी गई है। दलहनी और तिलहनी फसलों में डीएपी के पर्णीय छिड़काव की भी अनुशंसा की गई है। (Rain Impact on Agriculture)

एक्सपर्ट्स के मुताबिक जुलाई में बारिश शुरू होने के बावजूद कई क्षेत्रों में पानी की कमी बनी हुई है। ऐसे में कम अवधि वाली धान की किस्में किसानों का जोखिम कम करेंगी, जहां खेतों में पर्याप्त पानी का ठहराव नहीं है, वहां दलहन और तिलहन की खेती ज्यादा लाभदायक रहेगी। किसानों से स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विभाग की सलाह लेकर ही फसल का चयन करने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई का पहला पखवाड़ा खरीफ सीजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अगर इस दौरान अच्छी बारिश होती है तो बुआई में तेजी आएगी, लेकिन बारिश में और देरी होने पर किसानों को फसल चयन और खेती की तकनीक में बदलाव करना होगा। ऐसे में समय रहते वैज्ञानिक सलाह अपनाकर किसान नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं।



