हर दिन तनाव से टूट रहे 64 लोग, छत्तीसगढ़ में एक साल में 23 हजार कॉल, हर तीसरे शख्स में डिप्रेशन के लक्षण

Depression Cases in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मानसिक तनाव, अवसाद और अकेलेपन की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन टेली-मानस (14416) के आंकड़े प्रदेश की चिंताजनक तस्वीर पेश करते हैं। पिछले एक साल में हेल्पलाइन पर 23,329 लोगों ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए कॉल किया। यानी औसतन हर दिन 64 लोग मानसिक तनाव, डिप्रेशन, चिंता या अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझते हुए मदद मांग रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि इन कॉल करने वालों में 1,229 लोग यानी 5.27 प्रतिशत ऐसे थे, जिन्होंने बातचीत के दौरान आत्महत्या करने या खुद को नुकसान पहुंचाने जैसे विचार आने की बात स्वीकार की।
यह भी पढ़ें:- अल-नीनो और कमजोर मानसून से खेती पर संकट, छत्तीसगढ़ में सिर्फ 10% बुआई, एक्सपर्ट बोले- कम अवधि वाली धान की किस्में अपनाएं किसान
विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति चिंता का विषय जरूर है, लेकिन सकारात्मक पहलू यह है कि अब लोग मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय समय रहते मदद लेने के लिए आगे आ रहे हैं। टेली-मानस के आंकड़ों के मुताबिक हेल्पलाइन पर आने वाली 78.42 प्रतिशत कॉल 18 से 45 साल आयु वर्ग के लोगों की थी। यह वर्ग करियर, रोजगार, आर्थिक दबाव, पारिवारिक जिम्मेदारियों, रिश्तों में तनाव और सामाजिक अपेक्षाओं के कारण सबसे ज्यादा मानसिक दबाव का सामना कर रहा है। आंकड़े बताते हैं कि मानसिक स्वास्थ्य संकट सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि किशोरों और बुजुर्गों तक भी इसकी पहुंच बढ़ रही है। (Depression Cases in Chhattisgarh)
टेली-मानस हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले
| आयु वर्ग | प्रतिशत |
|---|---|
| 12 साल तक | 1.36% |
| 13 से 17 साल | 6.40% |
| 18 से 45 साल | 78.42% |
| 46 से 64 साल | 11.07% |
| 65 साल से ज्यादा | 2.75% |
मानसिक स्क्रीनिंग में सामने आए 2.32 लाख मरीज
राज्य में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत साल 2025-26 में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों ने 19.37 लाख लोगों की मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की। जांच में 2.32 लाख लोग यानी 12.01 प्रतिशत किसी न किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित पाए गए, जिनका उपचार जारी है। इससे पहले साल 2024-25 में 20.8 लाख लोगों की जांच के दौरान 2.42 लाख मरीजों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आई थी। (Depression Cases in Chhattisgarh)
गहरी उदासी और डिप्रेशन से जूझ रहा हर तीसरा शख्स
टेली-मानस के विश्लेषण के मुताबिक मानसिक समस्याओं के प्रमुख कारण और स्थिति सामने आई है। 31.9 प्रतिशत लोग गंभीर उदासी और डिप्रेशन जैसी स्थिति से गुजर रहे हैं। 21.2 प्रतिशत लोग परीक्षा का दबाव, नौकरी का तनाव, कार्यस्थल का प्रेशर और रिश्तों में टूटन जैसी समस्याओं से मानसिक रूप से प्रभावित हैं। 5.27 प्रतिशत लोगों के मन में आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने के विचार आए। 2.27 प्रतिशत लोग लगातार नींद न आने की समस्या से परेशान हैं। 1.95 प्रतिशत लोगों ने बेवजह घबराहट और एंग्जायटी की शिकायत की। विशेषज्ञों के मुताबिक बढ़ता स्क्रीन टाइम, मोबाइल की लत, सामाजिक अलगाव, खराब दिनचर्या, अकेलापन और अत्यधिक तनाव मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ने के प्रमुख कारण बन रहे हैं।
एक कॉल ने बचा ली युवक की जान
ओडिशा का एक युवक रोजगार की तलाश में छत्तीसगढ़ आया था। आर्थिक तंगी, अकेलापन और भविष्य को लेकर निराशा के कारण उसने आत्महत्या करने का निर्णय ले लिया और छत से कूदने की तैयारी कर ली। अंतिम समय में उसने गूगल पर टेली-मानस हेल्पलाइन का नंबर खोजकर कॉल किया। काउंसलर ने धैर्यपूर्वक उससे लंबी बातचीत की, उसका भरोसा जीता और तुरंत रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल की इमरजेंसी टीम से संपर्क कराया। समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलने से युवक की जान बच गई। (Depression Cases in Chhattisgarh)
नाबालिग की बदल गई सोच
16 साल के एक नाबालिग ने टेली-मानस पर कॉल कर कहा कि उसके माता-पिता उसे नहीं समझते और वह अब जीना नहीं चाहता। काउंसलर ने धैर्यपूर्वक उसकी काउंसलिंग की और अगले दिन उसे उसकी मां के साथ जिला अस्पताल पंडरी बुलाया गया। बाद में पता चला कि नाबालिग अपनी बातें मनवाने के लिए आत्महत्या की धमकी देता था। संयुक्त काउंसलिंग और परिवार की सहभागिता के बाद अब मां-बेटे के रिश्तों में सुधार आया है और किशोर की मानसिक स्थिति भी पहले से बेहतर है। छत्तीसगढ़ टेली-मानस ने बताया कि मानसिक रोग या नशे की लत से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर 24 घंटे कभी भी कॉल किया जा सकता है। प्रशिक्षित काउंसलर तुरंत प्रतिक्रिया देकर वैज्ञानिक तरीके से परामर्श और आवश्यक होने पर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं।

बताया गया कि पहले लोग मानसिक समस्याओं को सामाजिक शर्म के कारण छिपाते थे, लेकिन अब जागरूकता बढ़ने से लोग खुद आगे आकर मदद मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि खराब जीवनशैली, बढ़ता मोबाइल और स्क्रीन टाइम, अकेलापन तथा अत्यधिक तनाव मानसिक रोगों के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्क्रीनिंग और इलाज का कार्य कर रही हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते काउंसलिंग, परिवार का सहयोग, सामाजिक समर्थन और विशेषज्ञों की मदद मिलने पर अधिकांश मानसिक समस्याओं का प्रभावी इलाज संभव है। टेली-मानस जैसी हेल्पलाइन उन लोगों के लिए जीवनरेखा साबित हो रही है, जो अवसाद, तनाव या आत्मघाती विचारों से जूझ रहे हैं और समय रहते मदद लेने का साहस जुटा रहे हैं। (Depression Cases in Chhattisgarh)



