ट्रांसपोर्टर की बर्थडे पार्टी में खूनी खेल: युवक को कैंपर से कुचलकर मार डाला, आरोपी फरार
कोरबा के उरगा स्थित रिजॉर्ट में शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, 1:30 बजे वारदात को दिया अंजाम; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर की बर्थडे पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब शराब के नशे में हुआ विवाद हत्या में बदल गया। उरगा स्थित मीरा रिजॉर्ट में आयोजित जन्मदिन समारोह के दौरान एक युवक की कथित तौर पर कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, देर रात ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाने के लिए मीरा रिजॉर्ट में पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 20 से 25 युवक शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान शराब और डीजे के बीच करीब रात 1:30 बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
इसी दौरान आरोप है कि तुषार ढांढा नामक युवक ने गुस्से में कैंपर वाहन से दीपका के गरुणनगर निवासी उज्ज्वल सिंह को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उज्ज्वल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कैंपर लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी में शराब का सेवन किया गया था और नशे की हालत में ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस पार्टी में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- 46 दिन तक बाथरूम के नीचे दफन रहा पति का शव, रोज वहीं नहाती रही आरोपी पत्नी



