मुख्यमंत्री साय ने पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कहा— उनके निधन से लोककला जगत को अपूरणीय क्षति, छत्तीसगढ़ का गौरव थीं तीजन बाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पद्म विभूषण एवं पद्मश्री से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह भी पढ़े :- नहीं रहीं पंडवानी की अमर आवाज़, पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का निधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला, समर्पण और आजीवन साधना से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। लोककला के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा, “पद्म विभूषण और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. तीजन बाई का निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से पूरे देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर डॉ. तीजन बाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार डॉ. तीजन बाई की स्मृतियों को सहेजने तथा प्रदेश की लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का संघर्षमय और प्रेरणादायी जीवन आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों के लिए सदैव मार्गदर्शक बना रहेगा।



