55 साल बाद टूटा बारिश का रिकॉर्ड, अल-नीनो की आशंका के बीच मानसून ने बदली तस्वीर

Record Rainfall in Chhattisgarh: जिस अल-नीनो के असर से इस साल छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में कमजोर मानसून और सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई जा रही थी, उसी मानसून ने जुलाई के पहले हफ्ते में ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि कई दशकों पुराने रिकॉर्ड टूट गए। प्रदेश में पिछले 48 घंटे के दौरान हुई मूसलाधार बारिश ने न सिर्फ जून महीने की बारिश की भारी कमी को काफी हद तक पूरा कर दिया, बल्कि दुर्ग जिले में 55 साल पुराना रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। वहीं राजधानी रायपुर में इस मानसून की चौथी सबसे भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार सुबह तक दुर्ग में 181 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले जुलाई महीने में सबसे ज्यादा 169.6 मिलीमीटर बारिश 2 जुलाई 1970 को दर्ज हुई थी। यानी 5 जुलाई 2026 को हुई बारिश ने 55 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम वैज्ञानिक इसे एक्सट्रीम रेन इवेंट की श्रेणी में रख रहे हैं।
दुर्ग के साथ-साथ राजधानी रायपुर में भी बारिश ने नया इतिहास रचा। रविवार सुबह 8:30 बजे तक शहर में 154.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। यह इस मानसून सीजन की चौथी सबसे भारी बारिश है। लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं, कई अंडरब्रिज बंद हो गए और निचले इलाकों में घरों तक पानी पहुंच गया। रायपुर का अधिकतम तापमान गिरकर 26.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में यह गिरावट लगातार बादल छाए रहने और भारी बारिश का सीधा असर है। (Record Rainfall in Chhattisgarh)
अल-नीनो के बावजूद कैसे बदला मिजाज ?
इस साल मौसम विशेषज्ञों ने अल-नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई थी। शुरुआती दौर में इसके संकेत भी मिले। जून के अंत तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 67 प्रतिशत कम बारिश हुई थी और कई जिलों में खरीफ फसलों की बुआई भी प्रभावित होने लगी थी। हालांकि जुलाई की शुरुआत में बंगाल की खाड़ी में लगातार सक्रिय हुए कम दबाव के क्षेत्रों ने पूरे नजरिए को बदल दिया। बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने सिस्टम ने बड़ी मात्रा में नमी छत्तीसगढ़ की ओर पहुंचाई। इसके कारण प्रदेश में लगातार भारी बारिश का दौर शुरू हुआ और कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई।
67% की कमी घटकर 33% पर पहुंची
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अल-नीनो का असर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, लेकिन सक्रिय मानसूनी तंत्र और लो-प्रेशर सिस्टम के कारण फिलहाल उसका प्रभाव कमजोर पड़ गया है। यही वजह है कि प्रदेश में अचानक बहुत ज्यादा बारिश देखने को मिली। जून महीने तक प्रदेश में बारिश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। 30 जून तक राज्य में सामान्य की तुलना में 67 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इससे किसान भी चिंतित थे और सिंचाई पर निर्भरता बढ़ने लगी थी, लेकिन जुलाई के पहले हफ्ते में हुई झमाझम बारिश ने तस्वीर बदल दी। मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से 5 जुलाई तक प्रदेश में कुल 167.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य औसत बारिश 247.7 मिलीमीटर मानी जाती है। यानी अब बारिश की कमी घटकर लगभग 33 प्रतिशत रह गई है।
इन क्षेत्रों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक बारिश का यही क्रम जारी रहता है तो प्रदेश सामान्य बारिश के और करीब पहुंच सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बहुत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा 190 मिलीमीटर बारिश राजिम में हुई। इसके बाद दुर्ग में 181 मिलीमीटर, छुरा में 160 मिलीमीटर और रायपुर में 154.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पाटन में 150 मिमी, राजनांदगांव में 146 मिमी, गोबरा नवापारा में 140 मिमी, माना एयरपोर्ट में 138.3 मिमी, अर्जुंदा में 130 मिमी, लाभांडी और गुंडरदेही में 120-120 मिमी, भिलाई में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कोमाखान और मर्री बंगला देवरी में 100-100 मिमी बारिश हुई, जबकि जांजगीर, आरंग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, अभनपुर, पलारी, बलौदाबाजार, कसडोल, सिमगा और तिल्दा में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। (Record Rainfall in Chhattisgarh)
सामान्य बारिश की श्रेणी में पहुंचे 10 जिले
लगातार बारिश का असर प्रदेश के बारिश आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक 10 जिले सामान्य बारिश की श्रेणी में पहुंच चुके हैं। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दंतेवाड़ा में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि प्रदेश के 19 जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश वाले हैं। इनमें से दो जिलों में स्थिति अभी भी कमजोर बनी हुई है और वहां अच्छी बारिश की जरूरत बनी हुई है। जून में कमजोर मानसून के कारण किसान धान की बुआई को लेकर चिंतित थे। कई क्षेत्रों में खेत सूखे पड़े थे और सिंचाई पर निर्भरता बढ़ रही थी। लेकिन जुलाई के पहले हफ्ते में हुई बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अगले एक हफ्ते तक इसी तरह बारिश होती रही तो खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त नमी उपलब्ध हो जाएगी। हालांकि अत्यधिक बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या किसानों के लिए नई चुनौती बन सकती है।
8 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मानसूनी सिस्टम अभी पूरी तरह कमजोर नहीं हुआ है। इसके प्रभाव से 8 जुलाई तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के सालों में मौसम का पैटर्न तेजी से बदल रहा है। पहले जहां लंबे समय तक बारिश नहीं होती, वहीं अचानक कुछ घंटों या एक-दो दिनों में अत्यधिक बारिश हो जाती है। दुर्ग और रायपुर में रिकॉर्ड बारिश इसी बदलते मौसम चक्र की ओर संकेत करती है। ऐसे हालात में शहरी जल निकासी व्यवस्था, बाढ़ प्रबंधन और आपदा तैयारियों को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। (Record Rainfall in Chhattisgarh)



