इंडोनेशिया ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, जानिए अब तक किन-किन देशों ने किया सम्मानित

PM Modi Highest Honour: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने PM मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान इंडोनेशिया गणराज्य के बिंटांग आदिपूर्णा सम्मान पदक से सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के बीच संबंधों को सुदृढ़ बनाने में उनके नेतृत्व और असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया, जिसे लेकर PM मोदी ने कहा कि मैं इंडोनेशिया गणराज्य का बिंटांग अदिपूर्णा सम्मान बहुत विनम्रता से स्वीकार करता हूं। यह सम्मान भारत के लोगों का है। यह इंडोनेशिया के लोगों के प्यार और स्नेह को दिखाता है। यह भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और गहरे रिश्तों को भी एक श्रद्धांजलि है। मैं इस खास सम्मान के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया सरकार और इंडोनेशिया के लोगों को दिल से धन्यवाद देता हूं। भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि यह सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, प्रधानमंत्री मोदी के व्यापक रूप से स्वीकार किए गए वैश्विक नेतृत्व, भारत-इंडोनेशिया की मजबूत और दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है।
बता दें कि इंडोनेशिया का यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को मिलने वाला 34वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। पिछले एक दशक में एशिया, यूरोप, अफ्रीका, मध्य पूर्व, प्रशांत और कैरेबियाई देशों सहित दुनिया के कई देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च या प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों से नवाजा है। अधिकांश देशों ने भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने, विकास साझेदारी, वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती देने, आर्थिक सहयोग, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता में उनके योगदान को सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री मोदी को पहला बड़ा विदेशी सम्मान साल 2016 में सऊदी अरब ने ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअज़ीज़ प्रदान किया। इसी साल अफगानिस्तान ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमानुल्लाह खान से सम्मानित किया। इन सम्मानों के पीछे भारत की ऊर्जा सुरक्षा, रणनीतिक साझेदारी और अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण में भारत की भूमिका प्रमुख कारण रही। (PM Modi Highest Honour)

साल 2018 में फिलिस्तीन ने प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ पलेस्टाइन प्रदान किया। इसके बाद 2019 में संयुक्त अरब अमीरात ने अपना सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ जायद, मालदीव ने निशान इज़्ज़ुद्दीन और बहरीन ने किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनैसां देकर भारत के साथ बढ़ती रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को सम्मानित किया। 2020 में अमेरिका ने प्रधानमंत्री मोदी को लीजन ऑफ मेरिट से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा रणनीतिक दृष्टिकोण के लिए दिया गया। इसके बाद 2021 में भूटान ने अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो प्रदान किया। यह सम्मान पाने वाले वह पहले विदेशी सरकार प्रमुख बने। 2023 प्रधानमंत्री मोदी के लिए वैश्विक सम्मान के लिहाज से सबसे अहम सालों में रहा। इस दौरान फिजी, पापुआ न्यू गिनी, पलाऊ, मिस्र, फ्रांस और ग्रीस ने उन्हें अपने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया। फ्रांस ने उन्हें ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर, जबकि मिस्र ने ऑर्डर ऑफ द नाइल प्रदान किया, जो वहां का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
2024 में रूस, अफ्रीका और कैरेबियाई देशों से सम्मान
2024 में रूस ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च राज्य सम्मान ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित किया। इसके अलावा डोमिनिका, नाइजीरिया, बारबाडोस, गुयाना और कुवैत ने भी उन्हें सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा। इन देशों ने भारत के साथ विकास सहयोग, स्वास्थ्य, ऊर्जा, वैश्विक दक्षिण और रणनीतिक साझेदारी में योगदान को इसका आधार बताया। साल 2025 में प्रधानमंत्री मोदी को मॉरीशस का ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन, श्रीलंका का मित्र विभूषण, साइप्रस, घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, ब्राजील, नामीबिया, इथियोपिया, इजराइल, ओमान, स्वीडन, नॉर्वे, स्लोवाकिया और अब इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ। इन सम्मानों के पीछे भारत की सक्रिय कूटनीति, आर्थिक सहयोग, निवेश, रक्षा साझेदारी, हरित ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक दक्षिण के नेतृत्व को प्रमुख कारण माना गया। (PM Modi Highest Honour)
2026 में भी जारी है वैश्विक सम्मान का सिलसिला
साल 2026 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई देशों ने अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया। इनमें स्लोवाकिया ने ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास), नॉर्वे ने ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट, स्वीडन ने रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, ओमान ने फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर, इजराइल ने स्पीकर ऑफ द केसेट मेडल, इथियोपिया ने ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया, नामीबिया ने ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेलविट्स्चिया मिराबिलिस, ब्राजील ने ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस, त्रिनिदाद और टोबैगो ने ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो, घाना ने ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना, साइप्रस ने ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ माकारियोस III, श्रीलंका ने मित्र विभूषण, मॉरीशस ने ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन और अब इंडोनेशिया ने उन्हें बिंटांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया से सम्मानित किया है।
भारत की वैश्विक कूटनीति का प्रतीक
विदेश नीति के जानकारों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी को लगातार मिल रहे ये अंतरराष्ट्रीय सम्मान सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं हैं, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका और प्रभाव का भी संकेत हैं। पिछले एक दशक में भारत ने इंडो-पैसिफिक, अफ्रीका, मध्य पूर्व, यूरोप और प्रशांत क्षेत्र में अपनी रणनीतिक उपस्थिति मजबूत की है। G-20 की अध्यक्षता, वैश्विक दक्षिण की आवाज़ को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जलवायु परिवर्तन और विकास सहयोग जैसे मुद्दों पर भारत की सक्रिय भूमिका को भी इन सम्मानों के पीछे महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। इंडोनेशिया का बिंटांग आदिपूर्णा सम्मान इस श्रृंखला की नवीनतम कड़ी है, जिसने प्रधानमंत्री मोदी को विदेशी सरकारों की ओर से सम्मानित किए जाने वाले विश्व के चुनिंदा नेताओं की श्रेणी में और ज्यादा मजबूत स्थान दिलाया है। इन सम्मानों का आधार भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, व्यापार, निवेश बढ़ाने, रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने, वैश्विक दक्षिण के हितों की प्रभावी पैरवी करने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका को माना गया है।




