Google Analytics —— Meta Pixel

धरसीवां हादसा: चतुर्भुजी मंदिर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में शोक

रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। ऐतिहासिक चतुर्भुजी मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन बावड़ी में डूबने से बच्चों ने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खेलते-खेलते गहराई में उतरे बच्चे

मिली जानकारी के अनुसार, कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में एक पुरानी और गहरी बावड़ी है। शनिवार को गांव के कुछ बच्चे मंदिर परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान 7 वर्षीय साक्षी साहू और 4 वर्षीय श्रवण धीवर खेलते-खेलते बावड़ी के समीप पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अनजाने में बावड़ी के गहरे पानी में उतर गए और गहराई अधिक होने के कारण खुद को संभाल नहीं पाए।

30 फीट गहरा था पानी, नहीं बच सकी जान

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, बावड़ी में करीब 25 से 30 फीट तक पानी भरा हुआ था। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं।

मृतकों की पहचान

  • साक्षी साहू (7 वर्ष): पिता योगेश साहू
  • श्रवण धीवर (4 वर्ष): पिता भूपेंद्र धीवर

दोनों बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही गांव के दो मासूमों की मौत से हर आंख नम है।

राजा कुंबरसिंह के काल की है बावड़ी, सुरक्षा पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने बताया कि यह बावड़ी ऐतिहासिक महत्व रखती है। मान्यता है कि प्राचीन काल में राजा कुंबरसिंह के शासनकाल के दौरान राजपरिवार इस बावड़ी का उपयोग करता था। वर्षों पुरानी इस बावड़ी में पहले कभी ऐसा हादसा नहीं हुआ था, लेकिन इस घटना ने मंदिर परिसर और ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए बावड़ी के चारों ओर मजबूत लोहे की जाली या सुरक्षा घेरा लगाया जाए।

Back to top button
error: Content is protected !!