PM मोदी के दौरे से भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई रफ्तार, ‘रोडमैप 2030’ पर सहमति, भारतीय तिरंगे के रंगों में जगमगाया स्काई टावर

PM Modi Luxon Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे, जहां ऑकलैंड के गवर्नमेंट हाउस में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान भारत और न्यूजीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने का ऐलान किया। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, शिक्षा, खेल, पर्यटन और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग समेत कई अहम समझौतों पर सहमति बनी। PM मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ‘रोडमैप-2030’ को भी मंजूरी दी, जो आने वाले सालों में दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देगा। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के सम्मान में ऑकलैंड का मशहूर स्काई टावर भारतीय तिरंगे के रंगों में जगमगा उठा।
यह भी पढ़ें:- धरसीवां हादसा: चतुर्भुजी मंदिर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में शोक
प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। साथ ही प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि आपका यहां स्वागत करना मेरे लिए खुशी और सम्मान की बात है। यह सचमुच एक ऐतिहासिक घटना है। हमने कल रात भी इस बारे में बात की थी कि 40 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है। यह यात्रा न्यूजीलैंड-भारत संबंधों में भी एक अहम पड़ाव है। जब मैंने पिछले साल भारत का दौरा किया था तो आपने और आपके प्रतिनिधिमंडल ने मेरा बहुत गर्मजोशी और उदारता से स्वागत किया था और इसलिए मुझे यहां आपका स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। हमारे संबंधों के लिए और इसमें आपके व्यक्तिगत योगदान के लिए आपका धन्यवाद। उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हमने बहुत कम समय में व्यापार के एजेंडे पर बहुत अच्छी प्रगति की है, लेकिन आज का फोकस सिर्फ FTA से कहीं ज्यादा है। (PM Modi Luxon Meet)

प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर ने कहा कि हमारा फोकस इस बारे में है कि इस रिश्ते में हम आगे कहां जाएंगे और इसे कैसे और बढ़ाएंगे। मुझे यह बताते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि हम एक रणनीतिक साझेदारी बनाने जा रहे हैं, जो हमारे संबंधों को और मजबूत ढांचा और विस्तार देगी, ताकि हम यहां से आगे बढ़ते हुए इसे और बढ़ा सकें। मुझे लगता है कि हमने व्यापार एजेंडे पर बहुत कम समय में जबरदस्त प्रगति की है। वहीं PM मोदी ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड आया है। आपकी आर्थिक राजधानी में एक कार्यक्रम आयोजित करके आपने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में नई जान फूंकने का मौका दिया है। मैं आपका बहुत आभारी हूं। न्यूजीलैंड के लोगों का भारत के प्रति जो प्यार और अपनापन मैंने देखा, वह दिल को छू लेने वाला अनुभव है और इसके लिए भी मैं आपका बहुत धन्यवाद करता हूं। यह हमारे रिश्तों में एक ऐतिहासिक पड़ाव है, जो हमारे संबंधों को नई ऊर्जा देगा। दोस्ती के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। (PM Modi Luxon Meet)

PM मोदी ने कहा कि जब आप भारत आए थे, तब FTA की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिस तरह से पूरा न्यूजीलैंड इतने कम समय में FTA को सफल बनाने के लिए एकजुट हुआ। इतनी तेजी से मिली यह सफलता शायद दुनिया में पहली बार हुई है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। इस उपलब्धि के लिए मैं आपके नेतृत्व, आपकी सरकार और आपकी टीम का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि आप पिछले साल होली के त्योहार के दौरान भारत आए थे। आपकी यात्रा ने हमारे रिश्तों में होली के रंगों की तरह ही नए रंग भरे। आज हम ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के जरिए अपने रिश्तों को और मजबूत कर रहे हैं। यह पड़ाव हमें और ज्यादा ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। लोकतांत्रिक मूल्यों में हमारा अटूट विश्वास हमें स्वाभाविक साझेदार बनाता है। यह एक-दूसरे के लिए एकदम सही मेल है। इसके अलावा दो समुद्री देशों के तौर पर हमारा करीबी सहयोग इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को नई ताकत देता है और हमारे रिश्ते शांति के हमारे साझा लक्ष्यों को हासिल करने में नई ऊर्जा भर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि यह यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी और वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा में हमारे संयुक्त योगदान को बढ़ाएगी। हम शांति के लिए एक उत्प्रेरक के तौर पर काम कर सकते हैं, शांति की वकालत कर सकते हैं और शांति के जरिए दुनिया की भलाई के लिए काम कर सकते हैं। PM मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड के लोगों के बीच आकर उनका भारत के प्रति जो स्नेह है, यह देखकर कोई भी व्यक्ति बहुत ही भावुक हो जाता है। यह हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक पड़ाव है, जो हमारे संबंधों की नई ऊर्जा, हमारी मित्रता के नए संकल्प को दोहराने वाला है। मुझे खुशी है कि हम अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांधे हैं। यह मील का पत्थर हमें और ज्यादा ऊर्जा और ज्यादा विश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। मुझे विश्वास है कि मेरी इस यात्रा से हम हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देंगे और वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा में हम मिलकर अपना योगदान बढ़ाएंगे।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के PM क्रिस्टोफर लक्सन की मौजूदगी में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ट्वीट कर कहा कि न्यूजीलैंड और भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के दो छोरों पर स्थित हैं, लेकिन अपनी अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने में दूरी कोई बाधा नहीं है। हम अपने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के जरिए यही कर रहे हैं, जिससे भारत को बेचे जाने वाले हमारे कुल सामान में से 57% पर पहले ही दिन से टैरिफ हट जाएगा। वहीं PM मोदी ने गवर्नमेंट हाउस में मिले औपचारिक स्वागत की झलकियां साझा की और कहा ऑकलैंड में गवर्नमेंट हाउस में औपचारिक स्वागत पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पारंपरिक माओरी पोविरी न्यूजीलैंड की समृद्ध विरासत और परंपराओं की एक दिल को छू लेने वाली झलक थी।

भारत-न्यूजीलैंड ने संयुक्त बयान भी जारी किया, जिसमें बताया गया कि भारत और न्यूजीलैंड ने आधिकारिक तौर पर अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने अगले चार सालों में संयुक्त कार्रवाई की दिशा तय करने के लिए ‘भारत-न्यूजीलैंड रणनीतिक साझेदारी: 2030 का रोडमैप’ को मंजूरी दी है। भारत और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्रियों और मंत्रियों के बीच नियमित रूप से एक-दूसरे के देश का दौरा करने पर सहमति बनी है। दोनों देश विदेश मंत्रियों के बीच नियमित बातचीत शुरू करेंगे और ‘रोडमैप टू 2030’ के तहत हुई प्रगति की समीक्षा के लिए भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) और न्यूजीलैंड के विदेश मंत्रालय (MFAT) के वरिष्ठ अधिकारियों की सालाना बैठकों को और मजबूत करेंगे। दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारतीय संसद में न्यूजीलैंड के लिए हाल ही में बने ‘संसदीय मैत्री समूह’ के जरिए संसदीय आदान-प्रदान का भी स्वागत किया। (PM Modi Luxon Meet)

भारत-न्यूजीलैंड के संयुक्त बयान में कहा कि भारत और न्यूजीलैंड समुद्री क्षेत्र पर केंद्रित ‘मैरीटाइम कोऑपरेशन अरेंजमेंट’ (MCA) और ‘म्यूचुअल लॉजिस्टिक्स सपोर्ट अरेंजमेंट’ के जरिए समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं। दोनों देश सालाना ‘मैरीटाइम सिक्योरिटी डायलॉग’ शुरू करेंगे और रक्षा मंत्रालय-सेना के स्तर पर व्यवस्थित बातचीत बनाए रखेंगे। दोनों प्रधानमंत्रियों ने आतंकवाद-रोधी उपायों, साइबर सुरक्षा और इससे जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों पर सहयोग मज़बूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, वे अंतरराष्ट्रीय शांति, सुरक्षा और मज़बूती को बढ़ावा देने के लिए संबंधित क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मंचों पर आपसी सहयोग बढ़ाने के मौकों पर विचार करने के लिए सहमत हुए। प्रधानमंत्रियों ने मध्य पूर्व और पश्चिमी हिंद महासागर में नशीले पदार्थों की तस्करी, आतंकवाद और गैर-कानूनी समुद्री गतिविधियों को रोकने के लिए ‘कंबाइंड टास्क फोर्स 150’ (CTF-150) के तहत सहयोग पर भी जोर दिया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-न्यूजीलैंड के बीच एक संतुलित, व्यापक और दोनों देशों के लिए फायदेमंद मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के पूरा होने और उस पर हस्ताक्षर किए जाने का स्वागत किया।

दोनों प्रधानमंत्री 2030 तक सामान और सेवाओं के आपसी व्यापार को दोगुना करके NZ$7 बिलियन (लगभग 35,000 करोड़) तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम करने के लिए सहमत हुए। उन्होंने पर्यटन से जुड़े समझौते यानी मेमोरेंडम ऑफ अरेंजमेंट पर हस्ताक्षर का स्वागत किया और एयरलाइंस को दोनों देशों के बीच सीधी नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू करने के लिए फिर से प्रोत्साहित किया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने खेल के क्षेत्र में भारत-न्यूजीलैंड संयुक्त कार्य योजना का स्वागत किया। यह योजना दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मज़बूत करने के लिए एक व्यावहारिक ढांचा प्रदान करती है, जिसमें हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स, कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, भागीदारी, स्पोर्ट्स बिजनेस और राष्ट्रीय खेल संगठनों के बीच आपसी आदान-प्रदान जैसे पहलू शामिल हैं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने ‘2025 शिक्षा सहयोग समझौते’ को लागू करने में हुई प्रगति पर चर्चा करते हुए सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। यह सहयोग छात्र आवाजाही, संस्थागत साझेदारी, इनोवेशन और आपसी समझ को बढ़ावा देने वाला होगा।

दोनों नेताओं ने ‘इंटरनेशनल सोलर अलायंस’ और ‘कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर’ के जरिए सहयोग को और गहरा करने पर भी सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के ‘ग्लोबल बायोफ्यूल्स अलायंस’ में शामिल होने का स्वागत किया। न्यूजीलैंड ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और विस्तार के बाद भारत की स्थायी सदस्यता के लिए अपना समर्थन फिर से दोहराया। उन्होंने न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप में भारत के शामिल होने के महत्व को भी माना। दोनों प्रधानमंत्रियों ने मध्य पूर्व में फिर से बढ़ते तनाव पर चिंता जताई और सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने यूक्रेन में जारी युद्ध पर भी चिंता व्यक्त की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने सीमा-पार आतंकवाद समेत आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों की कड़ी निंदा की। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले और लाल किले के पास हुई आतंकी घटना की भी निंदा की। उन्होंने आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस और लगातार एक जैसा रवैया अपनाने की बात कही। (PM Modi Luxon Meet)

उन्होंने आतंकवाद को मिलने वाली फंडिंग के नेटवर्क और सुरक्षित ठिकानों को खत्म करने, ऑनलाइन समेत आतंकवाद के इंफ्रास्ट्रक्चर को तोड़ने और आतंकवादियों को जल्द सज़ा दिलाने का आह्वान किया। दोनों नेता आतंकवाद और हिंसक चरमपंथ से निपटने में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। उन्होंने आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह (JWG) बनाने के समझौते (MoA) पर हस्ताक्षर का भी स्वागत किया, जो जानकारी और ज्ञान साझा करने के लिए एक ढांचा तैयार करेगा। दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र (UN) और फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराया। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों को संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों और व्यक्तियों – जिनमें UNSC 1267 प्रतिबंध समिति की सूची में शामिल संगठन और व्यक्ति, तथा उनके सहयोगी, प्रॉक्सी, प्रायोजक, फाइनेंसर और समर्थक शामिल हैं, जिसके खिलाफ तत्काल, लगातार, एकजुट और ठोस कार्रवाई करने की तत्काल आवश्यकता है।



