भारत सिर्फ एक बाजार नहीं, ग्लोबल ग्रोथ के लिए एक लॉन्च पैड है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

India Newzealand Business Event: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने PM क्रिस्टोफर लक्सन के साथ न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित वायाडक्ट बिजनेस सेंटर में खेल और बिजनेस से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री लक्सन ने कहा कि आप में से कई लोग जानते होंगे कि मैं लंबे समय से भारत का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैं पहली बार 20-25 साल की उम्र में भारत गया था। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि मैं यूनिलीवर नाम की कंपनी के लिए काम करता था, जिसकी मालिक हिंदुस्तान लीवर थी, जो भारत की टॉप 10 कंपनियों में से एक थी। मुझे याद है कि जब मैं 90 के दशक के बीच या आखिर में भारत गया था तो लोगों को उनकी दिहाड़ी सिक्कों के रूप में नकद दी जाती थी। मेरे लिए यह दिलचस्प बात है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। अब मध्यम वर्ग में 44 करोड़ लोग हैं और दशक के आखिर तक यह संख्या 75 करोड़ हो जाएगी। यह एक अद्भुत बदलाव है। एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जो कई बार भारत जा चुका है, कम आय से मध्यम आय और फिर उच्च आय की ओर बढ़ते हुए देखना, यह बदलाव देखना बहुत प्रेरणादायक और रोमांचक है।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी के दौरे से भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई रफ्तार, ‘रोडमैप 2030’ पर सहमति, भारतीय तिरंगे के रंगों में जगमगाया स्काई टावर
वहीं PM मोदी ने कहा कि यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और न्यूजीलैंड के संबंध एक अहम मोड़ पर हैं। आज हम अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के मजबूत आधार से जोड़ रहे हैं। यह न सिर्फ एक कूटनीतिक उपलब्धि है, बल्कि हमारे साझा भविष्य के लिए एक नया संकल्प भी है। ऑकलैंड आप सबके बीच में आकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन और उनके सकारात्मक विचारों और भारत के प्रति उनके गहरी प्रतिबद्धता के लिए विशेष आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी की उपस्थिति न्यूजीलैंड की नवाचार, उद्यम और भविष्य-उन्मुख सोच का प्रतीक है। भारत की ओर से मैं 140 करोड़ लोगों की आकांक्षा और महत्वाकांक्षा का संदेश लेकर आया हूं। इस साल दोनों देशों के 9 महीनों के रिकॉर्ड समय में मुक्त व्यापार समझौते हुआ है। ये आप सभी के लिए बाज़ार तक पहुंच, निवेश, सेवाएं, तकनीक और टैलेंट मोबिलिटी के नए अवसर लेकर आएगा। मुझे विश्वास है कि नए जोश और उत्साह के साथ काम करते हुए हम 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना बढ़ाएंगे। न्यूजीलैंड की ओर से अगले 15 सालों में भारत में 20 बिलियन डॉलर का निवेश कमिटमेंट किया गया है। ये सिर्फ निवेश का नहीं, बल्कि भारत की विकास यात्रा में सहभगी बनने का भी कमिटमेंट है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। हमारा बढ़ता हुआ मध्यम वर्ग, बड़े पैमाने पर डिजिटल तकनीक को अपनाना और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर भारत को विकास की एक अनोखी कहानी बनाता है। भारत में हमने ‘सुधार, प्रदर्शन और बदलाव’ को शासन का आधार बनाया है। आज भारत में पॉलिसी में स्थिरता, राजनीतिक स्थिरता और विकास की निरंतरता है। इसलिए आज दुनिया के लिए हमारा संदेश है-भारत सिर्फ एक बाजार नहीं है, बल्कि भारत ग्लोबल ग्रोथ के लिए एक लॉन्च पैड है। मैं खास तौर पर माओरी बिजनेस लीडर्स का आभार व्यक्त करता हूं। भारत की संस्कृति और माओरी परंपरा दोनों में ही प्रकृति, समुदाय और सस्टेनेबिलिटी के लिए गहरा सम्मान है। हमारे FTA में भी माओरी बिजनेस के लिए खास जगह दी गई है। अपनी साझा वैल्यूज को जोड़कर, हम समावेशी और सस्टेनेबल व्यापार के लिए एक नया मॉडल बना सकते हैं।


प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि मेरा सुझाव है कि हम मिलकर बिजनेस के लिए एक बहुत बड़ा और महत्वाकांक्षी रोडमैप तैयार करें। अपनी ताकतों को मिलाकर हम कम से कम 5 बड़े प्रोजेक्ट्स की पहचान करें और उन्हें समय पर पूरा करने के लिए एक रिव्यू सिस्टम बनाएं। तभी हम अपने रिश्तों की पूरी क्षमता का इस्तेमाल कर पाएंगे और दोनों देशों के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा कर पाएंगे। मैं आप सभी को इस सफर में कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए आमंत्रित करता हूं। आइए हम अपनी पार्टनरशिप को खुशहाली का जरिया, इनोवेशन का पुल और दुनिया की भलाई के लिए एक ताकत बनाएं। उन्होंने कहा कि क्या 35 साल से कम उम्र के कारोबारियों का एक बड़ा दल भारत आ सकता है और ऐसा ही एक दल न्यूजीलैंड आ सकता है, ताकि हम एक नई पीढ़ी तैयार कर सकें? (India Newzealand Business Event)




