Google Analytics —— Meta Pixel

शहादत की 17वीं बरसी: जब मदनवाड़ा में नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए थे SP चौबे समेत 29 जवान

मोहला-मानपुर। आज से ठीक 17 साल पहले, 12 जुलाई 2009 को छत्तीसगढ़ के मानपुर क्षेत्र में नक्सलियों ने एक ऐसे खूनी खूनी मंजर को अंजाम दिया था, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस कायरतापूर्ण हमले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार (वी.के.) चौबे समेत 29 पुलिस जवान मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। आज पूरा प्रदेश इन शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए हमले की 17वीं बरसी मना रहा है।

एक संयोग: तब भी रविवार था, आज भी रविवार है

वक्त का एक अजीब संयोग है कि 17 साल पहले 12 जुलाई को भी रविवार का ही दिन था और आज भी रविवार है। हालांकि, इन दोनों रविवारों के बीच का अंतर सुरक्षा बलों के हौसले और क्षेत्र के बदलते इतिहास की गवाही देता है। 17 साल पहले का वह रविवार जहां गोलियों और बारूदी धमाकों की गूंज से थर्रा उठा था, वहीं आज का यह रविवार शांति, विकास और नक्सलमुक्त वातावरण का प्रतीक बन चुका है। जिन नक्सलियों ने कभी इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था, वे या तो ढेर किए जा चुके हैं या सलाखों के पीछे हैं, और कई मुख्यधारा में लौट चुके हैं।

घात लगाकर किया गया था सुनियोजित हमला

12 जुलाई 2009 के उस काले दिन नक्सलियों ने बेहद सुनियोजित साजिश रची थी। सबसे पहले मदनवाड़ा पुलिस कैंप के पास तैनात दो जवानों की हत्या की गई, ताकि पुलिस बल को जंगल के भीतर खींचा जा सके। जैसे ही घटना की खबर राजनांदगांव मुख्यालय पहुंची, तत्कालीन एसपी वी.के. चौबे बिना वक्त गंवाए खुद मोर्चे पर डट गए और भारी पुलिस बल के साथ मदनवाड़ा के लिए रवाना हुए। दूसरी ओर से औंधी थाना क्षेत्र की पुलिस टीम भी बैकअप के लिए निकली।

नक्सली पहले से ही मदनवाड़ा, कारेकट्टा और कोरकोट्टी के बीच घने जंगलों में एंबुश (घात) लगाकर बैठे थे। जैसे ही पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं, नक्सलियों ने ताबड़तोड़ बारूदी सुरंग विस्फोट किए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मोर्चे पर आगे रहकर नेतृत्व कर रहे एसपी वी.के. चौबे और उनके 28 जांबाज जवानों ने आखिरी सांस तक मुकाबला किया और शहादत दी।

जहां कभी गूंजती थीं गोलियां, वहां अब बह रही विकास की बयार

कभी नक्सलियों का अभेद्य किला माना जाने वाला यह क्षेत्र आज पूरी तरह बदल चुका है। शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान और सुरक्षा बलों के कड़े अभियानों का ही नतीजा है कि आज 17 साल बाद यह क्षेत्र पूरी तरह नक्सलमुक्त हो चुका है। जहां कभी गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीण खौफ में जीते थे, आज वहां पक्की सड़कें, स्कूल, अस्पताल और विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। मदनवाड़ा के शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं गया; उनकी शहादत ने ही इस क्षेत्र में शांति के एक नए युग की नींव रखी है।

यह भी पढ़े :- CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान होगा मानसून, मौसम विभाग ने जताए अच्छे संकेत

Back to top button
error: Content is protected !!