Google Analytics —— Meta Pixel

नीट पेपर लीक विवाद: 20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

Sonam Wangchuk : नीट (NEET) पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे प्रख्यात शिक्षाविद् सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) को दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह धरना स्थल से हटा दिया। पिछले 20 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल पर बैठे वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गई है।

संसद मार्च से ठीक पहले कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनकारियों ने आगामी 20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान किया था। इस प्रस्तावित मार्च से पहले ही पुलिस ने यह कदम उठाया है और धरना स्थल पर मौजूद अन्य छात्रों को भी वहां से हटने के निर्देश दिए हैं।

हाई कोर्ट की सुनवाई से पहले उठाया कदम

यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट में सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर होने वाली सुनवाई से ठीक पहले की गई है। इससे पूर्व, कोर्ट ने वांगचुक की नियमित मेडिकल जांच और आवश्यक चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा था कि किसी भी नागरिक की जान बेहद कीमती है। डॉक्टरों के मुताबिक, 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक का वजन 9 किलोग्राम से अधिक घट चुका है, जिससे उनके अंगों पर गंभीर असर पड़ने का खतरा मंडरा रहा था।

हिरासत और लाठीचार्ज के आरोप

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभिजीत दीपके नामक एक अन्य प्रदर्शनकारी को भी हिरासत में लिया है। दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दिल्ली पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, राजनीतिक दल के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया कि पुलिस ने दीपके को उनके ठहरने के स्थान पर ही रोक दिया था और जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग (लाठीचार्ज) भी किया गया।

वांगचुक ने वीडियो संदेश में की थी संसद मार्च की अपील

अस्पताल ले जाए जाने से ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को सोनम वांगचुक ( Sonam Wangchuk) ने अनशन के 20वें दिन एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने देश की जनता से 20 जुलाई को होने वाले संसद मार्च में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की थी।

वांगचुक ने अपने संदेश में कहा, “मेरे शरीर का 20 प्रतिशत हिस्सा क्षीण हो चुका है, लेकिन आंदोलन की असली ताकत जनता की भागीदारी है।” देश में प्याज की कीमतों पर गिरने वाली सरकारों का उदाहरण देते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश के लोग अपने बच्चों के भविष्य और शिक्षा के लिए एकजुट नहीं हो सकते? उन्होंने अंत में कहा, “20 जुलाई को मेरे साथ संसद तक मार्च कीजिए, आपकी संख्या ही हमारी ताकत है। हम केवल जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।”

यह भी पढ़े :- रायपुर में सनसनी: एक ही परिवार के 5 लोगों ने की खुदकुशी, इलाके में हड़कंप

Back to top button
error: Content is protected !!