Google Analytics —— Meta Pixel

तनाव, डिप्रेशन और आर्थिक दबाव, भारत में हर घंटे 16 लोग गंवा रहे जान, दुनिया में हर घंटे 100 मौतें, चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने

Suicide Cases in India: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और आर्थिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। दुनियाभर में हर साल लाखों लोग आत्महत्या कर अपनी जान गंवा देते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आत्महत्या सिर्फ सामाजिक या आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय भी है, जिसे समय रहते पहचानना और इलाज करना बेहद जरूरी है। दुनिया में हर साल करीब 9 लाख लोग आत्महत्या करते हैं। इसका मतलब है कि औसतन हर दिन लगभग 2 हजार और हर घंटे करीब 100 लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:- रायपुर में 5 मौतों के पीछे कर्ज का जाल! परिवार की मौत से पहले क्या हुआ था? हर पहलू खंगाल रही पुलिस

भारत की स्थिति भी चिंताजनक है। देश में हर साल औसतन 1.44 लाख लोग आत्महत्या करते हैं। यानी हर दिन करीब 395 और हर घंटे लगभग 16 लोग आत्महत्या कर रहे हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक 2021 में सामूहिक आत्महत्या के 131 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 340 लोगों की मौत हुई। पिछले पांच सालों में ऐसे मामलों में करीब 107 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। NCRB के 2022 के आंकड़ों के मुताबिक भारत में सामूहिक आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2020 में 121 मामलों में 272 लोगों, 2019 में 72 मामलों में 180 लोगों, 2018 में 64 मामलों में 173 लोगों और 2017 में 63 मामलों में 171 लोगों की जान गई थी। आंकड़े बताते हैं कि पिछले कुछ सालों में सामूहिक आत्महत्या के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। 

क्या कहते हैं मानसिक रोग विशेषज्ञ

मनोरोग विशेषज्ञों का कहना है कि इंसानी दिमाग से जुड़ी 300 से ज्यादा तरह की मानसिक बीमारियां होती हैं। आत्महत्या के बारे में बार-बार सोचना या ऐसा कदम उठाना अक्सर इन्हीं मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ा होता है। डिप्रेशन और बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित लोगों में आत्महत्या का खतरा ज्यादा होता है। आर्थिक तंगी, सामाजिक दबाव और उम्मीद टूटने जैसी परिस्थितियां गंभीर मानसिक अवसाद को जन्म दे सकती हैं। पर्सनैलिटी डिसऑर्डर से जूझ रहे लोगों में भी आत्मघाती व्यवहार देखने को मिलता है। कई मामलों में व्यक्ति इम्पल्सिव डिसीजन यानी बिना सोचे-समझे अचानक फैसला ले लेता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक इंसानी मस्तिष्क के अलग-अलग हिस्से सोचने, फैसला लेने, भावनाओं और याददाश्त को नियंत्रित करते हैं। 

दिमाग कैसे प्रभावित करता है फैसला

इंसानी मस्तिष्क चार प्रमुख हिस्सों में विभाजित होता है। इनमें फ्रंटल लोब निर्णय लेने, व्यवहार को नियंत्रित करने, अल्पकालिक स्मृति और शरीर की गतिविधियों का संचालन करता है। पैराइटल लोब स्पर्श, स्वाद और तापमान जैसी संवेदनाओं को नियंत्रित करता है। टेम्पोरल लोब याददाश्त को संजोने और भावनात्मक जानकारी को प्रोसेस करने का काम करता है। वहीं ऑक्सिपिटल लोब आंखों से प्राप्त दृश्य संकेतों को पहचानने और उनका विश्लेषण करने के लिए जिम्मेदार होता है। फ्रंटल लोब का ऑर्बिटोफ्रंटल कॉर्टेक्स व्यक्ति की निर्णय क्षमता और आत्म-सुरक्षा से जुड़ा होता है। जब यह सामान्य रूप से काम नहीं करता, तब व्यक्ति स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसे निर्णय ले सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक आत्महत्या करने वाले लगभग 90 प्रतिशत लोग किसी न किसी स्तर पर तनाव, अवसाद या मानसिक बीमारी से प्रभावित होते हैं। (Suicide Cases in India)

इतिहास में भी दर्ज हैं आत्महत्या के मामले

इतिहासकारों के मुताबिक आत्महत्या का जिक्र हजारों सालों पुराने दस्तावेजों में भी मिलता है। करीब 2040 ईसा पूर्व मिस्र में मिले एक प्राचीन दस्तावेज को शुरुआती आत्महत्या संबंधी उल्लेखों में माना जाता है। ‘Suicide’ शब्द लैटिन भाषा के ‘Sui’ (स्वयं) और ‘Caedere’ (मारना) शब्दों से मिलकर बना है। इतिहास में कई ऐसी घटनाएं दर्ज हैं, जब युद्ध, धार्मिक उत्पीड़न या पराजय की आशंका के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक आत्महत्या की। 206 ईसा पूर्व में रोमन आक्रमण के दौरान इलिटुर्गिस शहर के लोगों के सामूहिक आत्महत्या का उल्लेख मिलता है। 700 ईस्वी में बाइजेंटाइन साम्राज्य के दौरान धार्मिक उत्पीड़न के विरोध में सैकड़ों लोगों ने खुद को आग के हवाले कर दिया। भारत में चित्तौड़गढ़ के जौहर को भी इतिहास में सामूहिक आत्मोत्सर्ग की प्रमुख घटनाओं में गिना जाता है, जहां 1303, 1535 और 1568 में हजारों महिलाओं ने जौहर किया था। (Suicide Cases in India)

छत्तीसगढ़ में क्या है स्थिति ?

NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ में भी आत्महत्या के मामले लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। साल 2022 में राज्य में कुल 5,656 लोगों ने आत्महत्या की, जबकि साल 2023 में यह संख्या बढ़कर 5,862 हो गई। यानी एक साल के भीतर आत्महत्या के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में औसतन हर दिन 16 से ज्यादा लोग आत्महत्या कर रहे हैं, जो मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों की गंभीरता को दर्शाता है। वहीं सामूहिक आत्महत्या के मामलों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही है। हालांकि हाल के सालों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अन्य जिलों में आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़े पूरे परिवार की आत्महत्या के कई मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों की गंभीरता को देखते हुए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और समय पर काउंसलिंग की जरूरत लगातार बढ़ रही है। (Suicide Cases in India)

आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं

आत्महत्या एक जटिल सार्वजनिक स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। इसके पीछे एक ही कारण नहीं होता, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक परिस्थितियां, आर्थिक दबाव और कई अन्य कारक मिलकर प्रभाव डाल सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर पहचान, संवाद, पारिवारिक सहयोग और पेशेवर मानसिक स्वास्थ्य सहायता से कई जानें बचाई जा सकती हैं। आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। मानसिक तनाव, आर्थिक दबाव या व्यक्तिगत कठिनाइयों से जूझ रहे लोगों के लिए समय पर परिवार, दोस्तों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बात करना बेहद जरूरी है। सही समय पर मिला सहयोग और इलाज कई जिंदगियां बचा सकता है। अगर आप या आपका कोई परिचित आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत मदद लें। राष्ट्रीय टेली-मानस हेल्पलाइन (24×7), 14416 या 1-800-89-14416 पर कॉल कर सकते हैं। आपात स्थिति में अपने नजदीकी अस्पताल के इमरजेंसी विभाग, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय आपातकालीन सेवाओं से तुरंत संपर्क करें।

Back to top button
error: Content is protected !!