रायपुर में 5 मौतों के पीछे कर्ज का जाल! परिवार की मौत से पहले क्या हुआ था? हर पहलू खंगाल रही पुलिस

Raipur Family Suicide Case: राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू, उसकी पत्नी और तीन बच्चों की मौत के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और भारी कर्ज का दबाव प्रमुख वजह माना जा रहा है, वहीं पुलिस अब घटना से पहले घर आने वाले संदिग्ध लोगों, बैंक लेन-देन, मोबाइल कॉल डिटेल और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक परिवार की मौत गुरुवार देर रात होने की आशंका है। जबकि शुक्रवार रात करीब 10 बजे पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें:- हर साल धमाका…फिर भी नहीं सबक, मौत का कारखाना बनी अवैध पटाखा फैक्ट्रियां, आखिर कब जागेगा सिस्टम ?
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची टीम ने देखा कि कारोबारी का शव फंदे पर लटका था, जबकि पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव कमरे में जमीन पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। घटनास्थल से खाने-पीने का सामान और कीटनाशक का डिब्बा बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले परिवार के सदस्यों को खाने में जहर दिया गया और बाद में कारोबारी ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जांच में सामने आया है कि शाहिद मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग और पुरानी बैटरियों के कारोबार से जुड़ा था। उस पर करीब 20 लाख रुपए का कर्ज था। (Raipur Family Suicide Case)
घर आने वाले युवकों की भी पड़ताल
बैंक की EMI के साथ निजी उधारी का दबाव लगातार बढ़ रहा था। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक कर्ज की वसूली के लिए लोग अक्सर उसके घर पहुंचते थे, जिससे परिवार तनाव में रहता था। पुलिस आर्थिक दबाव को घटना की बड़ी वजह मानकर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया है कि घटना से पहले चार-पांच दिनों तक तीन-चार युवक लगातार शाहिद के घर आते रहे। वे कुछ देर रुकने के बाद लौट जाते थे। पुलिस अब इन युवकों की पहचान और उनके आने के कारण का पता लगा रही है। पुलिस के मुताबिक शाहिद अपने परिवार के साथ करीब आठ महीने पहले संजय नगर स्थित किराए के मकान में रहने आया था। उसका बेटा एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिवार सामान्य रूप से रह रहा था, लेकिन आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ रही थी।
बदबू आने पर खुला राज
गुरुवार शाम के बाद परिवार का कोई सदस्य बाहर दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को भी पूरा दिन घर बंद रहा। पड़ोसियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। रात में घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़ने के बाद अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। शाहिद के भाई जहीर अली ने पांचों शवों की पहचान की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद मकान को सील कर दिया है। मकान मालिक और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल कई एंगल से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। (Raipur Family Suicide Case)
इन पहलुओं पर जांच जारी
- आर्थिक तंगी और कर्ज का दबाव- पुलिस यह पता लगा रही है कि कारोबारी पर कुल कितना कर्ज था, किन-किन लोगों से उधारी ली गई थी और आर्थिक संकट ने घटना में कितनी भूमिका निभाई।
- बैंक और निजी लेन-देन की जांच- बैंक खातों, EMI, लोन, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और निजी वित्तीय लेन-देन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
- मोबाइल कॉल डिटेल और डिजिटल रिकॉर्ड- परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट, मैसेज और अन्य डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है।
- घर आने वाले युवकों की पहचान- घटना से पहले लगातार घर आने वाले तीन-चार युवकों की पहचान कर उनसे जुड़े कारण और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
- पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट- मौत का वास्तविक कारण, जहर की पुष्टि और घटनाक्रम की टाइमलाइन स्पष्ट करने के लिए पोस्टमॉर्टम-फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
- सामाजिक और कारोबारी संबंधों की पड़ताल- पुलिस परिवार के रिश्तों, कारोबारी लेन-देन, परिचितों और हाल के विवादों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ा कोई अन्य पहलू सामने आ सके।



