Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के कारोबारी से 1 करोड़ 87 लाख की ठगी, 500 टन चीनी सप्लाई के नाम पर लगाया चूना, ऐसे चला पूरा खेल 

Sugar Trade Fraud: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शक्कर कारोबार के नाम पर करीब 1 करोड़ 87 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खमतराई पुलिस ने पुणे स्थित नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कंपनी ने पहले छोटे ऑर्डर समय पर सप्लाई कर कारोबारी का भरोसा जीता, फिर 500 टन चीनी सप्लाई करने का झांसा देकर करोड़ों रुपए एडवांस में ले लिए, लेकिन माल कभी नहीं भेजा। पुलिस के मुताबिक श्रीनगर रोड स्थित सिंघल प्रोविजन स्टोर्स के संचालक राजेश कुमार अग्रवाल लंबे समय से थोक शक्कर का कारोबार करते हैं। फरवरी 2025 में उनकी पहचान खुद को नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताने वाले राजीव मोरे से हुई।

यह भी पढ़ें:- बेमेतरा में दरिंदगी की सारी हदें पार, महिला की हत्या के बाद शव से दुष्कर्म, आरी से शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंका

विश्वास बनाने के लिए कंपनी ने पहले 35 टन और फिर 70 टन चीनी का ऑर्डर समय पर सप्लाई कर दिया। दोनों ऑर्डर पूरे होने के बाद कारोबारी को भरोसा हो गया कि कंपनी विश्वसनीय है। इसके बाद 17 फरवरी 2025 को करीब 500 टन चीनी की सप्लाई का बड़ा सौदा हुआ। कंपनी ने दावा किया कि उसके पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और एडवांस राशि मिलते ही माल रवाना कर दिया जाएगा। इस भरोसे पर राजेश अग्रवाल ने 17 से 21 फरवरी 2025 के बीच अलग-अलग RTGS ट्रांजेक्शन के जरिए कंपनी के खाते में कुल 1 करोड़ 87 लाख 48 हजार 667 रुपए ट्रांसफर कर दिए। भुगतान मिलने के बाद कंपनी की ओर से व्हाट्सएप पर GST टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल भेजे गए। साथ ही दावा किया गया कि चीनी से भरे ट्रक रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। हालांकि कई दिन बीतने के बाद भी जब माल नहीं पहुंचा तो कारोबारी को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने ट्रकों और ट्रांसपोर्ट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई।

जांच में खुला फर्जीवाड़ा

जांच में सामने आया कि जिन ट्रकों के नंबर भेजे गए थे, उनमें शिकायतकर्ता के नाम से कोई माल लोड ही नहीं किया गया था। बाद में उन्हीं वाहनों के नाम पर क्रेडिट नोट जारी कर कागजी औपचारिकता पूरी कर दी गई, जिससे पूरे मामले में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने लगी। शिकायत के मुताबिक बार-बार मांगने के बावजूद कंपनी ने लारी रसीद (LR), ट्रांसपोर्टर का नाम, डिलीवरी प्रूफ और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। बाद में कंपनी के संचालक रफीक बाबा शेख ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर कहा कि राजीव मोरे सिर्फ ब्रोकर है और उसी से संपर्क किया जाए। इसके कुछ समय बाद राजीव मोरे का मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिसके बाद कारोबारी ने पुलिस की शरण ली। पीड़ित की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। (Sugar Trade Fraud)

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

जिन पर FIR दर्ज हुई, उनमें नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्राइवेट लिमिटेड (पुणे), प्रतिनिधि राजीव मोरे, संचालक रफीक बाबा शेख, मिनोज बाबा शेख और गजाला शेख शामिल हैं। खमतराई पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, कंपनी के दस्तावेज, GST रिकॉर्ड, ई-वे बिल, बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की धोखाधड़ी के अन्य मामले भी सामने आए हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि यह ठगी सिर्फ एक कारोबारी तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय है। (Sugar Trade Fraud)

Back to top button
error: Content is protected !!