सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद मौत की सुरंग बनी हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट, 20 मजदूरों के शव बरामद, 5 की तलाश जारी

Sikkim Tunnel Accident Update: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना में हुए भीषण टनल हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। समरडुंग-झोलुंगय क्षेत्र में स्थित एनएचपीसी के इस प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन आदित-3 टनल में सोमवार को हुए लैंडस्लाइड के बाद 25 मजदूर अंदर फंस गए थे। लगभग 24 घंटे से ज्यादा समय तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मंगलवार देर रात तक 20 मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि पांच मजदूरों की तलाश अब भी जारी है।रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है, लेकिन टनल के भीतर मीथेन गैस, ऑक्सीजन की कमी और भारी मात्रा में मलबा राहत कार्य में सबसे बड़ी बाधा बने हुए हैं। कई बचावकर्मी भी जहरीली गैस की चपेट में आने से बेहोश हो गए, जिसके बाद ऑपरेशन को और ज्यादा सावधानी के साथ संचालित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- मानसून में बढ़ा बीमारियों का खतरा, डेंगू से निमोनिया तक रहें सतर्क, समय पर पहचान और बचाव है सबसे बड़ा हथियार
हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे हुआ। अचानक हुए लैंडस्लाइड के कारण टनल के प्रवेश द्वार के पास भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। उसी दौरान अंदर काम कर रहे मजदूर अलग-अलग जगहों पर फंस गए। हादसा टनल के फेस-4बी हिस्से में हुआ, जहां छत का हिस्सा टूटकर गिर गया और मीथेन गैस जमा होने की आशंका पैदा हो गई। बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों के मुताबिक टनल के भीतर मीथेन गैस का स्तर काफी ज्यादा है। यह गैस ऑक्सीजन की मात्रा कम कर देती है, जिससे सामान्य रूप से सांस लेना संभव नहीं रहता। यही कारण है कि राहत और बचाव दल को विशेष ऑक्सीजन उपकरणों के साथ अंदर भेजा जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर रही कि रेस्क्यू के दौरान कई बचावकर्मी गैस के प्रभाव से बेहोश हो गए। इसके बाद अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया गया। (Sikkim Tunnel Accident Update)
40 मिनट तक ही चल पा रहा ऑक्सीजन सिलेंडर
रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हर टीम को सीमित समय के लिए ही टनल के भीतर भेजा जा रहा है। आठ-आठ सदस्यों की टीम बारी-बारी से अंदर प्रवेश कर रही है। एक ऑक्सीजन सिलेंडर लगभग 40 मिनट तक ही काम कर रहा है। सिलेंडर खत्म होने से पहले ही टीम को वापस लौटना पड़ रहा है। इसी कारण राहत अभियान की गति प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि मजदूर टनल के प्रवेश द्वार से करीब 1.5 किलोमीटर अंदर फंसे हुए थे। टनल का अधिकांश हिस्सा सुरक्षित है, लेकिन फेस-4बी क्षेत्र में मलबा और गैस की वजह से हालात बेहद जोखिमपूर्ण बने हुए हैं। खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद विशेषज्ञ टीम लगातार राहत अभियान चला रही है। इसके लिए कई आधुनिक तकनीकों और उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दो समानांतर टनलों का निर्माण जारी
ब्लास्ट-प्रूफ ब्लोअर्स और वेंटिलेशन पाइपों के जरिए बाहर की ताजा हवा टनल के भीतर पहुंचाई जा रही है, ताकि मीथेन गैस का असर कम किया जा सके। टनल की कमजोर छत को मजबूत बनाने के लिए शॉटक्रीट और रॉक-बोल्टिंग का सहारा लिया जा रहा है। भारी मलबा हटाने के लिए छोटे लोडर्स और रोबोटिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। विशेषज्ञ लगातार गैस के स्तर और ऑक्सीजन की मात्रा की निगरानी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक तीस्ता स्टेज-6 परियोजना के तहत पानी के तेज बहाव के लिए पांच-पांच किलोमीटर लंबी दो समानांतर टनलों का निर्माण किया जा रहा है। हादसा इन्हीं में से आदित-3 टनल में हुआ। इस परियोजना का निर्माण कार्य पटेल इंजीनियरिंग कंपनी की ओर से किया जा रहा है।
PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख
जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल और परियोजना से जुड़े विशेषज्ञ लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है। इस बीच हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की भी तैयारी की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर लैंडस्लाइड, टनल की छत का धंसना और मीथेन गैस का रिसाव हादसे के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। साथ ही घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। साथ ही घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जानमाल की हानि से मैं व्यथित हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं कामना करता हूं कि घायल व्यक्ति जल्द स्वस्थ हों। (Sikkim Tunnel Accident Update)

इस बीच सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने नामची जिले के समरडुंग स्थित एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के हादसा स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि टनल में गैस रिसाव से हुई इस घटना से उनका मन बेहद व्यथित है। निर्माणाधीन हेड रेस टनल में अचानक मीथेन गैस के विस्फोट के कारण हुए इस भीषण हादसे में कई कर्मियों की जान चली गई, जबकि अन्य मजदूर टनल के भीतर फंस गए। राज्यपाल ने जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य सभी एजेंसियों की ओर से चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी मौके पर मौजूद रहे। राज्यपाल ने दिवंगत कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि टनल में फंसे सभी कर्मी जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकल सकें।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सिक्किम के नामची जिले में टनल गिरने की घटना से मुझे गहरा दुख और चिंता हुई है। मैंने स्थिति का जायजा लेने के लिए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात की है। हम घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं, क्योंकि इस बात की पूरी संभावना है कि प्रभावित कुछ मजदूर हमारे जलपाईगुड़ी जिले के हों। हमारे गृह सचिव सिक्किम प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं और बचाव कार्यों के बारे में लगातार अपडेट ले रहे हैं। देश के सबसे चुनौतीपूर्ण पर्वतीय निर्माण क्षेत्रों में से एक में हुआ यह हादसा एक बार फिर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा मानकों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। राहत एजेंसियों की पहली प्राथमिकता अब बचे पांच मजदूरों तक सुरक्षित पहुंचना है, जबकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा भी तय मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन और हादसे की जांच पर टिकी हैं। (Sikkim Tunnel Accident Update)



